एक माह में विधानसभा का दूसरा सत्र, इस बार भी अपने क्षेत्रों की समस्या नहीं उठा सकेंगे विधायक

11/24/2019 2:17:58 PM

चंडीगढ़(धरणी)- हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए विधानसभा सचिवालय की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है। एक माह के भीतर विधानसभा का यह दूसरा सत्र होगा लेकिन इस बार भी विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन के भीतर नहीं उठा सकेंगे।इस दिन डिप्टी स्पीकर का चुनाव भी होगा।  विधानसभा का यह सत्र भी महज औपचारिकता बनकर ही रहेगा। क्योंकि यह सत्र संविधान दिवस की 70वीं वर्षगांठ को समर्पित होगा। नब्बे सदस्यों वाली विधानसभा में इस समय 44 विधायक पहली बार चुनाव जीतकर आए हैं जबकि 30 विधायक दूसरी बार विधानसभा में पहुंचे हैं।

इसके अलावा 16 विधायक ऐसे हैं जो दो अधिक बार तथा तीन विधायक पांचवीं से छठी बार विधानसभा पहुंचे हैं। प्रदेश में दूसरी बार मनोहर सरकार के सत्ता में आने के बाद पहला सत्र 4 नवंबर को शुरू हुआ था। जिसमें सभी सदस्यों को शपथ दिलाने के अलावा स्पीकर का चयन किया गया था। छह नवंबर तक चले पहले सत्र में भी न तो प्रश्नकाल हुआ और न ही शून्यकाल आयोजित किया गया। जिसके चलते कई मुद्दों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रद्द कर दिए गए।

जनता द्वारा चुनकर सदन में भेजे गए विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं को नहीं उठा सके। अब मंगलवार को फिर से विधानसभा का दूसरा सत्र होने जा रहा है। जिसकी अधिसूचना विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कर दी गई है। यह सत्र भारतीय संविधान को लागू किए जाने की 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। जिसके चलते यह तय माना जा रहा है कि इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों द्वारा केवल संविधान के विषय पर ही अपने विचार रखे जाएंगे। इस बार भी न तो प्रश्नकाल होगा और न ही शून्यकाल होगा।

 

 

Isha