अंबेडकर स्टेडियम की हालत देख सरकार पर बरसे निशित कटारिया, बोले-खिलाड़ियों के साथ हो रही नाइंसाफी

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 06:26 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बादली रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार और उसकी खेल नीति पर कड़ा हमला बोला। कटारिया ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है।

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में कई गंभीर खामियां सामने आईं। खेल मैदान की स्थिति काफी खराब मिली और जगह-जगह गड्ढे तथा टूट-फूट नजर आई। स्टेडियम की फेंसिंग भी जर्जर हालत में पाई गई, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा स्टेडियम के शौचालय भी बेहद खराब और अस्वच्छ स्थिति में मिले। खिलाड़ियों के लिए पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव दिखाई दिया।

PunjabKesari

"स्टेडियम परिसर में कुछ जगहों पर अवैध कब्जे"

कटारिया ने बताया कि स्टेडियम परिसर में कुछ जगहों पर अवैध कब्जे भी देखने को मिले, जबकि चारदीवारी भी कई स्थानों पर टूटी हुई मिली। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, वहां अव्यवस्था और उपेक्षा का माहौल बना हुआ है। यह स्थिति दर्शाती है कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश और दुनिया में अपने खिलाड़ियों के दम पर पहचान बना चुका है, लेकिन यदि खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं ही नहीं मिलेंगी तो नई प्रतिभाएं कैसे आगे आएंगी। सरकार को चाहिए कि वह तुरंत स्टेडियम की मरम्मत करवाए, फेंसिंग दुरुस्त कराए, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाए तथा अवैध कब्जों को हटाकर खिलाड़ियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करे।

PunjabKesari

इस दौरान हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्टेडियमों की हालत बदहाल है। खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं, जो सरकार की खेल नीति की विफलता को उजागर करती है। इससे पहले हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने महावीर पार्क स्थित शहरी अध्यक्ष पंकज फोगाट के कार्यालय में युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक भी ली। बैठक में संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कटारिया ने युवा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर संगठन की नीतियों और विचारों को लोगों तक पहुंचाएं तथा युवाओं को पार्टी से जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही संगठन मजबूत होगा और आने वाले समय में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी संगठन विस्तार और युवाओं को सक्रिय करने को लेकर अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम के दौरान कई युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।इस मौके पर शहरी अध्यक्ष पंकज फोगाट, कमल अरोड़ा,अरुण राठी,राजेश खत्री,मनीष परनाला,लवलीन अग्रवाल,सत्यवान, राजू, सुरेंद्र दलाल, दीपक रूहील, आशीष सिंह, नरेंद्र,पृथ्वी खत्री, वंश, नवीन आदि मौजूद रहे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static