पंचकूला में जबरदस्त हंगामा: BJP मुख्यालय ''पंचकमल'' का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी दिग्गज, पुलिस ने जबरन हिरासत में लिया
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 07:37 PM (IST)
पंचकूला(उमंग): पंचकूला में उस वक्त भारी बवाल देखने को मिला, जब हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश स्तरीय मुख्यालय 'पंचकमल' का घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पंचकूला पुलिस के बीच तीखी झड़प व ज़ोर-आजमाइश हुई, जिसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए संजय दत्त (प्रभारी, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी),राव नरेंद्र सिंह (प्रदेश अध्यक्ष, हरियाणा कांग्रेस), चौधरी चंद्रमोहन (स्थानीय विधायक, पंचकूला)दर्जनों अन्य विधायक को हिरासत में ले लिया।

पंचकूला के सेक्टोरल एरिया में स्थित 'पंचकमल' कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही हैवी बैरीगेटिंग कर रखी थी। पुलिस बल ने जब कांग्रेसियों को आगे बढ़ने से रोका, तो कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया और प्रदर्शनकारियों को जबरदस्ती उठाकर पुलिस बसों में भरना शुरू कर दिया।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और पेपर लीक का मुद्दा
कांग्रेस का यह प्रदर्शन देशभर में छात्रों की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन, कथित लाठीचार्ज और पेपर लीक प्रकरणों के विरोध में आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाज़ी करते हुए हरियाणा के शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के चलते पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 'पंचकमल' मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।