वरिष्ठ पत्रकार चन्द्र शेखर धरणी की भांजी सुनैना जोशी का निधन, दिग्गजों ने जताया शोक

4/19/2021 6:38:03 PM

कपूरथला/चंडीगढ़: पंजाब केसरी के हरियाणा वेब डिपार्टके हेड व वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रशेखर धरणी की भांजी सुनैना जोशी(23 वर्ष) पुत्री मणिकांत जोशी वासी कपूरथला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुनैना जोशी 8 माह से ब्लड कैंसर की ट्रीटमेंट के लिए सीएमसी लुधियाना में उपचाराधीन थी। बोन मैरो ट्रांसप्लांट के बाद कोविड -19 से ग्रस्त होने पर आज 19 अप्रैल सुबह 4 बजे उनका निधन हो गया। सुनैना होनहार छात्रा थी। बीमारी से पहले ही उसने एमबीए की परीक्षाएं दी थी। सुनैना के पिता मणिकांत जोशी पंजाब नेशनल बैंक में अधिकारी हैं। सुनैना पढ़ाई, लिखाई व गृह कार्यों में अव्वल थीं।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि छोटी आयु में भयंकर बीमारी से त्रस्त सुनैना ने दिलेरी से उसका सामना किया। ट्रीटमेंट से जब ठीक होने वाली थी तो कोविड-19 की चपेट में आ गई। उन्होंने कहा कि सुनैना जोशी के निधन से समाज ने शिक्षा क्षेत्र में एक होनहार छात्रा को खो दिया है। मणि कांत जोशी व उनके परिवार को भगवान यह गहरा आघात सहने की ताकत दे।

अनिल विज ने कहा कि पंजाब सरकार सुनैना जोशी की कैंसर से मृत्यु से सबक ले व देखे कि पंजाब में 23 साल के बच्चों में कैंसर कैसे फैल रहा है। सरकार युवा वर्ग में फैल रहे कैंसर के रोकथाम, उपचार, जीवन रक्षा सबमे नाकाम साबित हो रही है। युवा वर्ग देश का भविष्य हैं। उन्हें कैंसर क्यों व किन कारणों से हो रहा है कि उच्चस्तरीय जांच भी होनी चाहिए। कैंसर की ट्रीटमेंट के नाम पर जो ऊंचे नाम वाले बड़े चिकित्सा संस्थान 60-65 लाख से अधिक राशि वसूलते हैं और फिर भी मरीज के शव ही परिवार को मिलें दुर्भाग्यपूर्ण है।

हरियाणा के शिक्षा, पर्यटन मंत्री कँवर पाल गुज्जर ने चंद्र शेखर धरणी को भेजे संदेश में परिवार के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब में कैंसर किस कदर युवा वर्ग को अपनी गिरफ्त में ले रहा है, इसका ताजा उदाहरण सुनैना की मौत है। मात्र 23 वर्षों की आयु में बच्ची कैंसर की शिकार हो गई, यह चिंतनीय विषय है।

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चन्द गुप्ता ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पूरी तरह जोशी व धरणी परिवार के साथ हैं। पंजाब सरकार को पंजाब में बढ़ रहे कैंसर की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है। खेल मंत्री संदीप सिंह ने सवेंदना संदेश के साथ फोन पर शोक संतृप्त परिवार से बात की व ढांढस बंधाया।

वहीं इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने जोशी परिवार व धरणी परिवार से शोक सवेंदना व्यक्त की। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि डॉक्टरों के मुताबिक 66 प्रतिशत मामले अस्पतालों में तब पहुंच रहे हैं जब मरीज एडवांस स्टेज यानी चौथी स्टेज पार कर चुका होता है। कैंसर के 90 प्रतिशत मरीजों का फस्र्ट स्टेज में इलाज हो सकता है। सेकंड स्टेज में यह अनुपात 70 प्रतिशत है। थर्ड में 40 से 50 प्रति और लास्ट यानी चौथी में 10 प्रतिशत ही रहता है। पंजाब सरकार को इस मामले में सजगता से कदम उठाने चाहिए।

Content Writer

Shivam