फ्लॉप रहा ऑपरेशन दुर्गा, चलती कार में गैंगरेप की दूसरी घटना (VIDEO)

1/19/2018 6:38:14 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी): एक हफ्ते में ही करीब रेप के आठ से अधिक मामलों को लेकर चिंतित हरियाणा पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश भर में ऑपरेशन दुर्गा चलाया। इस तरह अप्रत्याशित रूप से सामने आई इन घटनाओं पर हरियाणा पुलिस ने ऑपरेशन दुर्गा की सुध छ: महीने बाद ली, लेकिन इस ऑपरेशन के शुरू होने के पहले दिन ही फरीदाबाद में फिर से एक गैंगरेप की घटना सामने आई, जिसमें एक लड़की को सड़क से ही अगवा कर लिया गया और चलती कार में गैंगरेप को अंजाम दिया गया। इस गैंगरेप से यही प्रतीत होता है कि पुलिस ने वास्तव में ही मात्र फोटोशूट और वीडियोग्राफी के लिए ही ऑपरेशन दुर्गा चलाया।

दरअसल, मामला फरीदाबाद के सेक्टर 55 से सामने आया है। यहां अपनी मौसी के साथ घर से बाहर निकली लड़की को तीन बदमाशों ने सेंट्रो कार में उठाया। घंटो तक लड़की के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया और छोड़कर भाग गए।

अब सवाल ये उठता है कि, उसी सड़क पर कैसे लड़की को अगवा किया गया? जहां पुलिस ने ऑपेरशन दुर्गा चलाया। इस तरह से यह ऑपरेशन महज "लोक दिखावा और नाम कमावा" ही साबित हुआ है। इस तरह खुले में घूम रहे दरिंदों में पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। अगर किसी को खौफ है तो वो केवल समाज के मासूम लोगों के मन में है कि कहीं इन हवसी दरिंदों का शिकार उनकी बहन-बेटियां न बन जाएं।

बता दें कि, बीते शनिवार को ही फरीदाबाद में तीन लड़कियों की आबरू लूटी गई। जिसमें एक घटना में स्कार्पियों सवार बदमाशों ने एक लड़की को अगवा कर चलती गाड़ी में ही उसके साथ दो घंटे तक गैंगरेप किया था। हांलांकि, इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी गैंगरेप की घटना में अपने पिता से मिलकर घर लौट रही नाबालिगा को बदमाशों ने ऑटो में अपहृत कर लिया और उसके साथ सारी रात गैंगरेप किया। वहीं एक दुकानदार ने नौकरी के नाम पर एक महिला से बंद कार में यौन शोषण किया। अब हाल में एक और गैंगरेप की घटना सामने आई। जिसमें चलती कार में लड़की के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया।