मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई से 30 जून तक चलने वाली सेवा गतिविधियों की रूपरेखा तैयार: धनखड़

punjabkesari.in Sunday, May 21, 2023 - 09:39 AM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): भजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का ही करिश्मा है कि भारत की अर्थव्यव्स्था 11 नंबर से छलांग लगाकर पांचवें पायदान तक पहुंची है। अभी हमने इंग्लैंड को पीछे किया है और आने वाले समय में जल्द ही अर्थव्यव्स्था के मामले में जापान को भी पीछे करते हुए भारत दुनिया की चौथे नंबर की अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। भारत एक ताकतवर देश के रूप में उभर रहा है, यही बदलता हुआ भारत है। आत्मनिर्भरता पर बोलते हुए  धनखड़ ने कहा कि पहले हम मोबाइल दूसरे देशों से खरीदते थे लेकिन आज हम दुनिया को बेच रहे हैं, दवाईयां देने वाले देशेां में हम सबसे आगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। 

धनखड़ ने कहा कि यह समय देश के लिए स्वर्णिम काल है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों को घर-घर जाकर जन -जन तक पहुंचाया जाएगा।उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 9 साल भारतीय संस्कृति, भारतीयता से जुड़े़ हुए लोगों के लिए और भारत की माटी की सुगंध जुड़े लोगों के लिए स्वर्णिम काल है। कश्मीर से हमने धारा-370 को हटते देखा, भगवान राम के भव्य मंदिर को बनते देखा, जी 20 की अध्यक्षता देखी, हर क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ते हुए देख रहे हैं।  मोदी के नेतृत्व में इन 9 वर्षों में भारत को आत्मनिर्भर होते हुए हम देख रहे हैं।  धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का आधार और इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है।

ओम प्रकाश घनखड़ ने बताया कि  मिशन 2024 का रोड मैप और आगामी एक साल के कार्यक्रमों का अध्ययन किया गया है। 23 को श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस और 25 जून को पीएम मोदी के मन की बात और आपातकाल को लेकर प्रदेश में गतिविधियां की जाएंगी। मुख्य रूप से मोदी और मनोहर सरकार की योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए अभियान चलेगा और पार्टी के कार्यकर्ता उसमें सहयोगी भूमिका निभाएंगे। नए पन्ना प्रमुख बनाने का काम तेजी से चल रहा है और यह लगभग 23 जून तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा अल्पकालिक विस्तार योजना भी शुरू कर रही है जिसके लिए पदाधिकारियों से 56-56 घंटे हर जिले में देने का आग्रह किया गया है।  

धनखड़ ने बताया कि 20 जून से 30 जून के बीच लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम होंगे और व्यक्तिगत मिलन पर ज्यादा फोकस रहेगा। जून महीने में 21, 23 और 25 तारीखें महत्वपूर्ण हैं।  धनखड़ ने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई से 30 जून तक चलने वाली सेवा गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने बताया कि प्रदेश की 10 की दस लोकसभाओं में रैलियों का आयोजन होगा, लेकिन दो रैली बड़े स्तर पर आयोजित की जाएगी। इन बड़े स्तर पर होने वाली रैलियों में केंद्र के प्रमुख नेता भाग लेंगे। विधानसभा स्तर पर भी सभी मोर्चें और प्रकोष्ठ मिलकर गतिविधियां करेंगे। उन्होंने बताया कि पूरे महीने में विशेष संपर्क अभियान चलाए जाएंगे, जिसमें समाज के विशिष्ट लोगों से मिलने का कार्यक्रम मुख्य होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा तरक्की की राह पर है। आस-पास के राज्यों की तुलना में हमारी अर्थव्यवस्था काफी मजबूत है। इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए उस पर काफी खर्च किया जा रहा है। वहीं राष्ट्रवाद के मुद्दे पर धनखड़ खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है और उसके लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा पर तंज कसते हुए कहा धारा-370 को कांग्रेस ने क्यों नहीं हटाया, सोमनाथ मंदिर पुनउर्द्धार क्यों नहीं किया? कांग्रेस के शासन में नेताजी और शहीदों को मान सम्मान मिलना चाहिए था वह क्यों नहीं मिला? भाजपा राष्ट्र के साथ-अन्य मुद्दों पर भी काम करने वाली पार्टी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया। ढांचागत सुविधाएं विश्व स्तर की जा रही हैं। जबकि कांग्रेस ने देश की ढांचागत मजबूती और संस्कृति की सदा उपेक्षा करती आई है, जबकि भाजपा राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रखरता से उठाती आई है और आगे भी उठाती रहेगी।

     

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static