27वें कबड्डी कप का आयोजन, विदेश में अपना जौहर दिखाएंगी हरियाणा की 7 छोरियां

7/16/2017 3:32:47 PM

टोहाना(सुशील सिंगला):कनाडा में होने वाले 27वें कबड्डी कप के लिए क्षेत्र से 7 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खिलाड़ियों का यह दल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की अगुआई में रवाना होगा। इन खिलाड़ियों में भूना रोड स्थित इंदिरा गांधी कालेज की तीन छात्राए सोनिया, सीमा व प्रिंयका भी शामिल हैं। कालेज की छात्राओं के चयन के बाद से कालेज प्रांगण में खुशी का माहौल है। कालेज प्राचार्य द्वारा छात्राओं को मुंह मीठा करवाकर बधाई दी तथा उनके कामयाब होने की कामना की।

जानकारी के अनुसार यूनाईटेड स्पोर्टस क्लब कनाडा द्वारा 150वें स्थापना दिवस पर कबड्डी कप आयोजित किया जाएगा। जिसमें भारत देश की टीम में क्षेत्र की 7 लड़किया भाग लेंगी। जिनमें सोनिया, सीमा, प्रियंका रामभतेरी, सुमन, मनीषा व पोली भी शामिल है। जिसके बाद से खुशी का माहौल है। इसके अलावा टीम में पंजाब के नाडा से रितु, खुशबू, सोथा से भतेरी व प्रियंका शामिल है।

इस दौरान कालेज प्राचार्य रणधीर सिंह ने बताया कि यह कालेज के लिए खुशी की बात है कि खिलाड़ी इंटरनेशनल लेवल पर खेलने के लिए जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की जानकारी के मुताबिक प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के नाम पत्र कनाडा द्वारा भेजा गया है। यह दल उनके नेतृत्व में 10 अगस्त को रवाना होगा तथा 25 अगस्त तक यह प्रतियोगिता करवाई जाएगी। प्राचार्य ने कहा कि प्रदेश सरकार व खेल मंत्री की मेहनत का नतीजा है कि क्षेत्र की खिलाड़ी दूसरे देश में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि क्षेत्र के लिए खुशी की बात है कि यहां की लड़कियां कनाडा मे दमखम दिखाएंगी। बराला ने कहा कि वे परमपिता परमात्मा से दुआ करते हैं कि ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर आए।