शाह के हरियाणा प्रवास की उपलब्धि महज मनोहर को अभयदान: सुरजेवाला

8/7/2017 9:23:19 AM

जींद:कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 3 दिन के हरियाणा प्रवास की एकमात्र उपलब्धि सी.एम. मनोहर लाल को अभयदान है। इसके अलावा हरियाणा को शाह के दौरे से कुछ नहीं मिला। चंडीगढ़ में आई.ए.एस. अधिकारी की बेटी के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे द्वारा की गई हरकत के लिए सुर्जेवाला ने बराला के इस्तीफे की मांग की।

सुरजेवाला यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बराला के बेटे के खिलाफ चंडीगढ़ में दर्ज मामले को लेकर कहा कि जब इसी तरह का एक मामला कांग्रेस नेता विनोद शर्मा के बेटे का आया था, तब भाजपा की दिग्गज नेताओं ने शर्मा से इस्तीफा देने को कहा था। अब इंतजार इस बात है कि प्रधानमंत्री, भाजपा अध्यक्ष और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज कब बराला को उनके बेटे की करतूत के लिए पद से हटाने का काम करते हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर गुजरात में हुए हमले को सुर्जेवाला ने देश की राजनीति के लिए खतरनाक बताया। 

सुरजेवाला ने गरीब लोगों की राशन की चीनी बंद किए जाने को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। इस मौके पर महिला कांगे्रस की राष्ट्रीय सचिव डॉ. वीना देशवाल, वीरेंद्र जागलान, संदीप सांगवान, किरण सैनी आदि भी थे। सुरजेवाला ने कहा कि विकास बराला के खिलाफ दर्ज मामले में कांगे्रस राजनीति नहीं करेगी। कांग्रेस इसमें बहादुर बेटी और उनके पिता आई.ए.एस. अधिकारी का हर कदम पर साथ देगी।