शैलजा ने भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा को दिया ढोंग करार

10/9/2020 8:57:05 AM

चंडीगढ़ (बंसल) : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कु. शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पहले तीन काले कानून लोकतंत्र का गला घोंट कर पास करवाए गए और अब हरियाणा में भाजपा द्वारा ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है। इन काले कानूनों को पास करवाते वक्त किसानों, मजदूर और आढ़तियों की बात नहीं सुनी गई थी। अब ट्रैक्टर यात्रा के जरिए भाजपा द्वारा ढोंग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन कानूनों का ट्रेलर हरियाणा में दिखना शुरू हो गया है। मंडियों में फसल की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की खेती बचाओ यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिला, उसी की देखादेखी अब भाजपा द्वारा यह रैली निकाली जा रही है।

भाजपा की ट्रैक्टर रैली को किसान, मजदूर और आढ़ती जवाब देंगे   
नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा ट्रैक्टर रैली निकालकर किसान, मजदूर और आढ़तियों के जले पर नमक छिड़कने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में भी जमकर फर्जीवाड़ा हो रहा है। कु. शैलजा ने कहा कि भाजपा की ट्रैक्टर रैली को किसान, मजदूर और आढ़ती जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लोगों को समझाने के लिए ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है, जबकि पहले इस सरकार को अपने विधायकों को ही समझाना चाहिए। सरकार अपने ही लोगों को इन काले कानूनों के बारे में समझा नहीं पाई है।  यह सरकार ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाली है।

कांग्रेस की टिकट के लिए आए 25 आवेदन 
शैलजा ने बताया कि बरोदा उप-चुनाव में कांग्रेस की टिकट के लिए उनके पास आज तक 25 आवेदन आए हैं। इनको लेकर प्रदेश प्रभारी के साथ हरियाणा कांग्रेस नेताओं की बातचीत होगी। इन आवेदनों की समीक्षा करके आलाकमान को नाम भेजे जाएंगे। 

Manisha rana