कु. शैलजा ने राज्यसभा में उठाया मुद्दा, कहा-केंद्रीय बजट में हरियाणा की अनदेखी की गई

2/12/2020 10:46:27 AM

चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद कु. शैलजा ने मंगलवार को राज्यसभा में बजट पर चर्चा दौरान बजट में हरियाणा और किसानों की अनदेखी, एस.वाई.एल., बढ़ती बेरोजगारी, प्रदेश सरकार की महिला सुरक्षा को लेकर अनदेखी, प्रदेश पर बढ़ते कर्ज समेत कई मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिला,लेकिन भाजपा ने जोड़-तोड़ से सरकार बनाई। केंद्र सरकार को चाहिए था कि वह हरियाणा को बजट में कुछ देती, लेकिन सरकार ने हरियाणा के साथ मजाक किया है।

बजट में तो प्रदेश को कुछ नहीं मिला,लेकिन भाजपा सरकार बनते ही प्रदेश में धान घोटाला और अन्य घोटाले हुए। बजट में कहा गया कि हरियाणा के राखीगढ़ी में म्यूजियम बनाया जाएगा,लेकिन यह वर्ष 2013 से पहले ही शुरू हो चुका है।

एस.वाई.एल. का मुद्दा भी उठाया 
एस.वाई.एल. का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह मामला वर्षों से लंबित है। इसकी जिम्मेदारी सुप्रीम कोर्ट द्वारा केंद्र सरकार को दी गई थी, लेकिन दुख की बात है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आज तक प्रधानमंत्री से प्रदेश के नेताओं को मिलवाने का समय नहीं ले पाए हैं।

बार-बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद एस.वाई.एल. के मुद्दे को न सुलझाना भाजपा सरकार की बड़ी नाकामी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का कर्ज जो वर्ष 1966 से लेकर 2014 तक 48 वर्षों में 70 हजार करोड़ था,मगर इसके बाद साढ़े 3 वर्षों में ही कर्जा 90 हजार करोड़ बढ़ गया और एक लाख 61 हजार तक पहुंच गया। अब 2 लाख करोड़ तक जा रहा है। उन्होंने कहा कि जी.एस.टी. में हरियाणा को 3 से 4 हजार करोड़ का नुक्सान होगा। हमारे जैसे छोटे-छोटे राज्य इससे कैसे उबर पाएंगे। 

Isha