प्रधानमंत्री को झूठ बोलने और विदेश घूमने के अलावा और कोई काम नहीं: शैलजा

6/2/2018 10:23:39 PM

करनाल(विकास मैहला): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेत्री कुमारी शैलजा ने असंध में हुई रैली में कहा कि देश व प्रदेश की जनता ने भाजपा को एक प्रयोग के तहत वोट दिया था परन्तु अब यह प्रयोग पूर्ण रूप से विफल साबित हुआ है। लोगों की उम्मीदों से भाजपा सरकार बुरी तरह से फेल साबित हुई। शैलजा ने कहा कि प्रधानमंत्री को झूठ बोलने और विदेश घूमने के अलावा और कोई काम नहीं है, जबकि उनके खिलाफ बोलने पर लोगों को देशद्रोही होने का तमगा बांट दिया जाता है।



शैलजा असंध नगर की नई अनाज मंडी में कांग्रेस प्रदेश महासविच शमशेर गोगी के सौजन्य से आयोजित प्रदेश बचाओ रैली में बतौर मुख्यातिथि पंहुची थी। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल जाति और धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाकर वोट हासिल करती है, जबकि कांग्रेस उसकी इस फिरकापरस्ती वाली सोच को अब आगे सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से राहुल गांधी का जादू अब चल रहा है, उससे एक बात तो साफ है कि केन्द्र और प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब पैराशूट से प्रत्याशी नहीं उतारे जाएंगे। टिकट उसे ही मिलेगी जो गांव-गांव जाकर पार्टी का माहौल बनाने का कार्य करेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में चुनाव एकजुटता से लड़े जाएंगे, मुख्यमंत्री पद का फैसला बाद में हाईकमान करेगा।

Shivam