शैलजा ने सोनिया को लिखा पत्र, कहा- आपके नेतृत्व की आज सबसे ज्यादा आवश्यकता

8/24/2020 10:47:38 AM

डेस्क: कांग्रेस के कुछ नेताओं के पार्टी में आमूल परिवर्तन की मांग और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के इस्तीफे की पेशकश के बीच हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा कि देश को उनके नेतृत्व की आज सबसे ज्यादा आवश्यकता है।

कुमारी शैलजा ने पत्र में कहा है कि गांधी-नेहरू परिवार ने देश को अपने खून-पसीने से सींचा है और इस परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सत्ता में और विपक्ष में रहकर भी निर्भीकता से लड़ाई लड़ी है। चाहे वह कोरोना काल में हर व्यक्ति के स्वास्थ्य व हित की बात हो या भाजपा के कुशासन से लडऩे का विषय रहा हो।



उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से ऐसी खबरें आ रही हैं कि पार्टी के भीतर कुछ नेताओं द्वारा शीर्ष नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाए जा रहे हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि यह लोग भाजपा के कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने के षड्यंत्र में संलिप्त हैं। इस तरह की मांग करने वाले व्यक्तियों की पहचान केवल मात्र भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ही देन है। इनको सत्ता में भागीदारी भी पार्टी ने ही दी थी व दी है। मैं उनके द्वारा ऐसी मांग की कड़ी निंदा करती हूं। 

आज जब भाजपा सरकार के कुशासन में देश बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। भाजपा सरकार द्वारा हमारे देश के संविधान पर सुनियोजित तरीके से हमले किए जा रहे हैं, हमारे देश के लोकतंत्र को कुचलने की साजिशें रची जा रही हैं, संस्थाओं को सुनियोजित तरीके से कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कठिन समय में हम सभी कांग्रेसजनों को एकजुटता को बनाए रखना होगा, यही कांग्रेस पार्टी की 135 वर्षों पुरानी गौरवशाली परंपरा रही है। कांग्रेस पार्टी में हर फैसला लोकतांत्रिक पद्धति के द्वारा लिया जाता है और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।



पत्र में शैलजा ने कहा कि विगत 6 वर्षों में भाजपा सरकार के दमनकारी शासनकाल में आपने व राहुल गांधी ने जनता की आवाज को जिस प्रखरता से उठाया है, वो अविस्मरणीय है। जब भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए हर हथकंडे अपना रही है, ऐसे वक्त में आप व राहुल गांधी ने एक निर्भीक भूमिका को निभाने का उल्लेखनीय काम किया है। आप सिर्फ हमारे नेता ही नहीं, बल्कि हमारे देश की बुलंद आवाज हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज हमारे देश को आपके और हमारे नेता राहुल गांधी के ओजस्वी नेतृत्व की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। देश में वर्तमान स्थिति के मद्देनजर आप दोनों के नेतृत्व में ही देशवासियों और असंख्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उम्मीद की एकमात्र किरण नजर आ रही है। देश के गरीब, मजदूर, किसान, दलित और युवाओं की आशा आप दोनों के नेतृत्व पर ही केंद्रित हैं। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आपके व राहुल गांधी के नेतृत्व में हम एक सुनहरे भविष्य की ओर अग्रसर होंगे और देश को तमाम संकटों पर विजयश्री प्राप्त होगी।

vinod kumar