Haryana में एसएचओ, जांच अधिकारी व महिला मुंशी निलंबित, जानिए क्या है वजह
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 10:58 AM (IST)
भिवानी: बहल के चर्चित प्रदीप हत्याकांड की शुरुआती जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में बहल थाना के तत्कालीन एसएचओ, जांच अधिकारी और महिला मुंशी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में मुख्य आरोपी सहित सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। सिवानी के डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि प्रदीप की हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई थी। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
बुधवार को मृतक प्रदीप की बहनें प्रमिला और नीशा अपने परिजनों के साथ लघु सचिवालय पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को पहले ही किसी अनहोनी की आशंका, महत्वपूर्ण तथ्य और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिए थे, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस गांव के लोग आरोपी थे, उसी गांव के निवासी पुलिस अधिकारी को जांच सौंपी गई, जिसने निष्पक्ष जांच करने के बजाय उन पर दबाव बनाया और अभद्र व्यवहार किया।
परिजनों ने महिला मुंशी पर कार्रवाई आगे बढ़ाने के नाम पर 50 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि तत्कालीन एसएचओ ने भी उनकी शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। प्रमिला ने बताया कि दो बहनों के बीच प्रदीप इकलौता भाई था और उसकी हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई।