चीका में दुकानदार फायरिंग मामला: मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 08:29 AM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : चीका में मोबाइल दुकानदार पर दिनदहाड़े गोली चलाने के मामले में कैथल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपी को बुधवार सुबह ढांड क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान काबू कर लिया गया। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र निवासी रजत पुत्र जरनैल के रूप में हुई है, जिस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वहीं, इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान भी हो चुकी है, जो फिलहाल फरार चल रहा है।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार चीका में फायरिंग की घटना के बाद आरोपी रजत फरार हो गया था। कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी ढांड क्षेत्र में मौजूद है और दोबारा उसी दुकानदार को निशाना बनाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन आरोपी बाइक पर सवार होकर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने नेशनल हाईवे 152डी पुल के नजदीक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा पुलिस पर करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह फायरिंग गैंग सरगना साहिल भागल के कहने पर की थी, जो वर्तमान में अमेरिका में रह रहा है। साहिल भागल पर कुरुक्षेत्र में पहले भी कई स्थानों पर फायरिंग कर फिरौती मांगने के आरोप हैं और वह पुलिस रिकॉर्ड में वांछित अपराधी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी रजत ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले भी उसी दुकानदार पर गोली चलाई थी और अब दोबारा वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, क्योंकि दुकानदार ने फिरौती की रकम नहीं दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जल्द ही प्रेस वार्ता कर मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)              

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static