मुरथल के ढाबों पर प्रशासन की सख्ती, जारी किया कारण बताओ नोटिस

9/5/2020 8:52:42 PM

सोनीपत (संजीव दीक्षित): मुरथल के सुखदेव व गरम-धरम ढाबों पर कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिलने के बाद से प्रशासन के हाथ-पांव फूले हुए हैं। ढाबों पर लगातार सख्ती जारी है। शनिवार को प्रशासन ने दोनों ढाबों को कारण बाताओ नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन ने पूछा है कि आखिर क्यों सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की अनदेखी की गई। 

वहीं, डीसी ने सख्त आदेश दिए हैं कि ढाबों पर बिना जानकारी दर्ज करवाए, किसी को भी भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी। अगर ऐसा किया गया तो उक्त ढाबे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीसी श्याम लाल पूनिया ने शनिवार को शाम के समय राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 स्थित विभिन्न रेस्तरांओं-ढाबों की जांच की। 

उन्होंने ढाबों पर आने वाले सभी आगंतुकों की पूर्ण जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए ढाबा संचालक एक रजिस्टर लगाएं, जिसमें प्रत्येक ग्राहक की मोबाइल नंबर व आवासीय पते सहित पूर्ण जानकारी दर्ज की जाए। यदि कोई ग्राहक रजिस्टर में जानकारी दर्ज करवाने से इंकार करे तो उसे ढाबों में प्रवेश न दिया जाए।

vinod kumar