अमरीका जाना महंगा पड़ा,विदेश का सपना दिखाकर लगाई 21 लाख की चपत

11/6/2020 9:36:25 AM

कुरुक्षेत्र(धमीजा): गांव मथाना के रहने वाले एक व्यक्ति को गांव जाम्बा जिला करनाल में मामा के घर जाना महंगा पड़ गया। अपने जाल में फंसाकर अमरीका भेजने का झांसा देकर धोखाधड़ी कर 21 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गांव मथाना निवासी साहिल ने शिकायत में कहा कि गांव जाम्बा जिला करनाल में रह रहे मामा के घर उसका आना जाना था। सितम्बर 2018 में इसी गांव के रहने वाले कर्म सिंह से मुलाकात हुई थी।

बातचीत के दौरान कर्म सिंह ने भुगतभोगी को कहा था कि वह इसी गांव का मौजूदा सरपंच है और विदेश भेजने का काम भी करता है। कर्म सिंह ने भुगतभोगी को कहा कि वह तुम्हें अमेरिका भेजकर नौकरी भी लगवा सकता है। कर्म सिंह ने इस एवज में 21 लाख रुपए देने की मांग की थी। कुछ दिनों बाद कर्म सिंह ने बातचीत करते हुए अपने जाल में फंसा लिया। इसके साथ बलराज, जसमेर दहिया निवासी करनाल भी शामिल थे।

उससे पासपोर्ट ले लिया और कुछ समय बाद कहा कि अमरीका का वीजा लग गया है। उसके साथ जसमेर दहिया को एयरपोर्ट पर भेजा गया। उसे फ्लाइट में चढ़ा दिया। वीजा मैक्सिको तक का लगाकर दिया। यहां पर उसे इनके 2 साथी मिले और अपने साथ जंगलों के रास्ते लेकर चल दिए। बीच जंगलों में मारपीट भी की गई। शातिरों ने गैर कानूनी तरीके से अमरीका की दीवार पार करवाई। अमरीका में दाखिल होते ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कईं माह तक जेल में बंद रहा। बाद में 20 अक्तूबर 2019 को उसे वापिस भारत भेज दिया गया। यहां आकर इन लोगों से कईं बार संपर्क किया लेकिन एक न सुनी। धोखाधड़ी कर 21 लाख रुपए हड़प लिए। इस मामले में थाना सदर पिपली में केस दर्ज कर लिया गया।

Isha