हरियाणा बनने के बाद से अब तक कुल 5 महिलाएं बनी सांसद

4/29/2019 11:18:38 AM

अम्बाला(रीटा/सुमन): प्रदेश के सभी सियासी दल लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा आरक्षण देने की वकालत करते हैं,लेकिन टिकट बांटते समय सब कुछ भूल जाते हैं। हरियाणा बनने के बाद से पिछले 47 सालों में लोकसभा के हुए 12 चुनावों में हरियाणा से कुल 5 महिला नेत्री ही सांसद चुनी गईं। करनाल,फरीदाबाद, हिसार, गुरुग्राम, सोनीपत, रोहतक व फरीदाबाद से आज तक कोई महिला सांसद नहीं बनी। प्रदेश में महिलाओं की संख्या के अनुपात के हिसाब से यह तादाद कम है।

हरियाणा चुनाव विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा के मौजूदा 1,74,48,293 मतदाताओं में से पुरुषों की संख्या 93,97,153 हैं जबकि महिला मतदाता 80,51,140 हैं।जानकारी के मुताबिक अम्बाला लोकसभा सीट से शैलजा 2004 व 2009 में 2 बार कांग्रेस टिकट पर सांसद चुनी गईं। 1991 व 1996 में भी वह 2 बार कांग्रेस से सिरसा से भी सांसद बनीं। कैलाशो सैनी 1999 में इनैलो से व 1998 में एच.एल.डी.,आर.के. टिकट पर कुरुक्षेत्र से सांसद रहीं।

चंद्रावती भिवानी से 1977 में बी.एल.डी. से सांसद निर्वाचित हुईं। यहीं से 2009 में श्रुति चौधरी कांग्रेस से सांसद चुनी गर्ईं। 1999 में महेंद्रगढ़ संसदीय सीट से सुधा यादब भाजपा से सांसद बनी थीं। इस बार 2019 में राज्य की 10 लोकसभा सीटों पर 223 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें से राष्ट्रीय,राज्य स्तरीय व आजाद महिला उम्मीदवारों की तादाद कुल 11 है। बड़े राजनीतिक दलों से 5 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा ने एक महिला प्रत्याशी सुनीता दुग्गल को सिरसा से चुनावी मैदान में उतारा है,जबकि कांग्रेस ने शैलजा को अम्बाला से टिकट दिया है।

जजपा-आप गठबंधन ने स्वाति यादव को भिवानी से प्रत्याशी बनाया है। इनैलो का कोई महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं है जबकि लोसुपा-बसपा गठबंधन ने सोनीपत से राजबाला व कुरुक्षेत्र से शशि सैनी को टिकट दिया है।

राजनीति के शिखर तक पहुंचीं हरियाणा की कई नेत्रियां
भले ही हरियाणा से महिला सांसद कम बनी हों,लेकिन यहां कि कुछ महिला नेत्रियां राजनीति के शिखर तक पहुंचीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं अब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अम्बाला छावनी से 2 बार विधायक बनीं, लेकिन हरियाणा से सांसद नहीं बन सकीं। करनाल से वह 3 बार 1980,1984 व 1989 में लोकसभा चुनाव लड़ीं लेकिन तीनों बार हार गईं। बाद में मध्य प्रदेश की विदिसा सीट व राज्यसभा के जरिए वह सांसद बनीं। 1957 में जब देश में गिनी-चुनी महिला सांसद थीं उस समय सुभद्रा जोशी अम्बाला लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं।

हरियाणा से सांसद रही चंद्रावती पुड्डूचेरी में उप राज्यपाल रही। अम्बाला से 2 बार सांसद रहीं। कुमारी शैलजा केंद्र सरकार में मंत्री रहीं। विधायक किरण चौधरी इन दिनों हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता हैं। केवल राजनीति में ही नहीं बालीवुड में भी हरियाणा की महिलाएं अपना रंग जमा चुकी हैं,इनमें मल्लिका सहरावत, प्रियंका चोपड़ा,जूही चावला,परनीति चोपड़ा व सपना चौधरी शामिल हैं। अन्तरिक्ष यात्री कल्पना चावला भी हरियाणा के करनाल की थीं। कुश्ती के अखाड़े में हरियाणवी महिलाओं का कोई मुकाबला नहीं है।

kamal