सीएम ने बताई गुरु गोबिंद सिंह 350वां प्रकाश पर्व समापन समारोह की तिथि

3/30/2017 8:53:24 PM

सिरसा:हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह का 350वां  प्रकाश पर्व समापन समारोह 17 सितंबर 2017 को सिरसा में आयोजित किया जाएगा।  मुख्यमंत्री गुरुवार को चंडीगढ़ में अपने निवास पर गत 12 फरवरी 2017 को करनाल में गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह के सफल आयोजन में मुख्य भूमिका निभाने वाले संत समाज के महापुरूषों को सम्मानित करने उपरांत सम्बोधित कर रहे थे।

संत समाज के महापुरूषों व सेवकों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि करनाल में आयोजित किए गए सफल समागम के लिए वे उनका धन्यवाद करते हैं, जो बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने कहा कि सिख समाज से यह बात सामने आई कि 5 जनवरी को पटना साहिब में जो 350वें प्रकाश पर्व का आयोजन किया गया उस प्रकार का आयोजन हरियाणा में भी किया जाए, तो इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया। जिसने बड़ी ही मेहनत के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में जनता तो आती है लेकिन किस चाव के साथ आती है यह उल्लेखनीय होता है और इसीलिए 1.25 लाख लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए। 

मुख्यमंत्री ने गुरुओं व महापुरूषों से आह्वान करते हुए कहा कि हरियाणा में जो लोग गुरु परंपरा में विश्वास रखते हैं उन्हें इकठ्ठा किया जाए और उनके द्वारा समाज की सेवा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस प्रकार का कार्यक्रम पहले नहीं हुआ है लेकिन यह कार्यक्रम पहला और आखिरी कार्यक्रम न रहे इसलिए हमें इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। मु
ख्यमंत्री ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि देश का इतिहास 1500 सालों से मुगलों और अग्रेंजों के हाथ में था और इसलिए उन्होंने इतिहास को तोड़-मरोड़ कर बनाना शुरू कर दिया, लेकिन सच्चाई कभी छुपती नहीं है और अब कई जगहों पर इतिहास के विपरीत सबूत मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सही इतिहास की खोज में काफी लोग आगे आएं है और उन्होंने खोजबीन शुरू की है। उन्होंने बताया कि इतिहास की सही जानकारी के लिए इतिहास लेखन समिति भी बनाई गई है जो अनुसंधान कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारे इतिहास से आने वाली पीढिय़ों, देश के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।