Sirsa Blast Update: आरोपियों ने 50 हजार रुपए में की थी धमाका करने की डील, पंजाब से जुडे हैं मामले के तार
punjabkesari.in Friday, Nov 28, 2025 - 12:00 PM (IST)
सिरसा: हरियाणा के सिरसा में महिला थाने के बाहर धमाका करने के 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी सिरसा के ही रहने वाले है। 4 आरोपी आपस में पड़ोसी और रिश्तेदार है। जबकि पांचवा आरोपी सिरसा के गांव चौटाला का रहने वाला है। इन दिनों वह सिरसा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता है। शेष चारों आरोपी रानियां के गांव खारिया के रहने वाले हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को 7 दिन के रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान आरोपियों ने चौकाने वाले खुलासे किए है। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आरोपी विस्फोटक सामग्री पंजाब से लेकर आए थे। 4 दिन पहले ही पंजाब के अमृतसर से लौटे थे। पुलिस ने इन आरोपियों को कहीं से आर्थिक मदद मिलने की बात कही है। ये मदद किसने दी? क्या बाहरी देश का कोई लिंक है? इसकी अभी जांच चल रही है। सूत्रों से पता चला है कि करीब 50 हजार रुपए में धमाका करने की डील हुई थी। कुछ पैसे आॅनलाइन मिले और कुछ कैश आया था।
हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि धमाका किससे किया गया। बताया जा रहा है कि यह जुगाड़ू देसी ग्रेनेड या कुछ हल्के स्तर का विस्फोटक हो सकता है। लैब से रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा। इनके घर से इसकी कील और मास्क मिले हैं। वहीं पुलिस का मानना है कि इस धमाके का मकसद दहशत फैलाना होगा।
गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच महिला थाने के बाहर हमला हुआ था। उस समय पुलिस और आसपास के लोग इसे टायर फटने या पटाखे बजने जैसी बात मानते रहे। बुधवार को इस हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसमें दावा किया गया कि खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने धमाका किया। इंस्टाग्राम पर किंग शूटर्स 302 नाम से बने अकांउट से वीडियो पोस्ट किया गया।
सोशल मीडिया पर थाने पर हमले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद सीन आॅफ क्राइम, साइबर पुलिस ने मौके से तथ्य जुटाए और विस्फोटक से जुड़ी सामग्री जांच के लिए कब्जे में ली। जिस अकाउंट से वीडियो पोस्ट हुआ, उसकी पड़ताल की गई। उसकी के बाद पुलिस खारिया गांव तक पहुंची और आरोपी विकास, संदीप, धीरज, विकास कुमार व चौटाला गांव के सुशील को गिरफ्तार किया। साथ ही साइबर टीम ने इंस्टाग्राम पर किंग शूटर्स 302 नाम से बने अकांउट को भी बंद कराया।