यमुना में डूबते भाई को बचाने के चक्कर में डूबी बहन, अमावस्या पर परिवार के साथ आई थी नहाने (VIDEO)

5/20/2023 12:32:33 PM

सोनीपत : सोनीपत जिले में शुक्रवार को यमुना नदी के मिमारपुर घाट पर दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा डूब गई। उसने अपने भाई को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। पांच गोताखोर उसकी यमुना में तलाश कर रहे हैं, पुलिस भी मौके पर पहुंची है, लेकिन बच्ची का सुराग नहीं लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि यमुना नदी में डूबने वाली छात्रा आशा रोहतक के गांव जिंदरान की रहने वाली है। वह अपने परिवार के साथ शनिदेव अमावस्या पर स्नान के लिए सोनीपत में मिमारपुर के यमुना घाट पर आई थी। 


भाई को बचाते हुए बही बहन

बता दें कि मिमारपुर घाट पर आज राजेराम के पांच बच्चे, जिनमें बड़ी बेटी तुलसी, उससे छोटी खुशी, तीसरे नंबर की आशा, उससे छोटा भाई आशीष व सबसे छोटा अंशु , एक साथ स्नान कर रहे थे। इसी बीच अंशु गहरे पानी में चला गया। आशा उसे बचाने के लिए यमुना में गहरे तक चली गई। उसने अपने भाई अंशु को तो बचा लिया, लेकिन खुद पानी के बहाव में बह गई। मौके पर परिजनों ने भी बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन बचा नहीं पाए। परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। वहीं लड़की को बचाने के लिए पांच गोताखोर यमुना में उतारे गए, लेकिन वे उसको कई घंटे बाद भी खोज नहीं सके। गोताखोर लड़की को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Manisha rana