सीताराम और सतपाल को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

4/17/2017 12:16:21 PM

कुरुक्षेत्र:मूलरुप से जिला जींद के नरवाना वासी बॉलीवुड एक्टर सीताराम पांचाल और सतपाल पखर पुरिया को चार दिवसीय हरियाणा अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री कर्णदेव काम्बोज ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति बेहद अनोखी और निराली है। प्रदेश की माटी के कण-कण में अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार पले-बड़े हैं। ऐसे कलाकार हरियाणा की संस्कृति और साहित्य को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार प्रदेश की संस्कृति और कला को विशेष महत्व दे रही है जिसके चलते हरियाणा की स्वर्ण जयंती वर्ष पर कला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। राज्यमंत्री रविवार सायं मैक के आडीटोरियम हाल में स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में 4 दिवसीय हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में बोल रहे थे। 

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त डी.आई.पी.आर. ओ. देवराज सिरोहीवाल ने फिल्मी कलाकार सतीश कौल को 50,000 की राशि भेंट कर सम्मानित किया। डी.सी. कटारिया ने मेहमानों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि 6 माह में कुरुक्षेत्र में ही बाल फिल्म महोत्सव का आयोजन करने की योजना है। इस मौके पर ए.डी.सी. धर्मबीर सिंह, एस.डी.एम. नरेंद्र पाल मलिक, एस.डी.एम. पिहोवा पूजा चांवरिया, धीरज कुमार आदि अधिकारी और गण्यमान्य लोग मौजूद थे।

51 से ज्यादा लोगों को अवार्ड देकर किया सम्मानित 
कलाकारों को 51 से ज्यादा अलग-अलग श्रेणी के अवार्ड देकर सम्मानित किया। इससे पहले राज्यमंत्री काम्बोज, विधायक सुभाष सुधा, डी.सी. सुमेधा कटारिया, ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष विरेंद्र चौहान, कला परिषद के वाइस चेयरमैन सुदेश शर्मा, किसान एवं आयोग के सदस्य डा. श्याम भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर, क्रिकेटर जोगिंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा, फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा, अखिलेंद्र मिश्रा, महोत्सव के निदेशक धर्मेंद्र डांगी, संयोजक सचिव दिनेश गोयल, कार्यकारी निदेशक कमलजीत मोदगिल, डा. महा सिंह पूनिया, कलाकार दरियाव सिंह मलिक, देवराज सिरोहीवाल व श्याम लाल जांगड़ा ने दीपशिखा प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्यमंत्री ने सीताराम पांचाल व सतपाल पखर पुरिया को लाइफ अचीवमैंट अवार्ड, ज्यूरी के सदस्य रामपाल बलहारा, प्रो. मेहर रंजन पात्रा, जालंधर दूरदर्शन के निदेशक जगजीवन राम के साथ कलाकारों को 51 से ज्यादा अलग-अलग श्रेणी के अवार्ड देकर सम्मानित किया। राज्यमंत्री ने डी.सी. कटारिया को सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाने पर सम्मानित किया।