21 वर्षों बाद सिवानी होगा हिसार जिले में शामिल

7/10/2017 10:32:13 AM

नारनौंद/सिवानी:मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सिवानी को भिवानी से हटाकर हिसार जिले में मिलाने की घोषणा की है। पिछले 21 वर्षों से यहां के लोग यह मांग उठाते आ रहे थे। यहां राज्यस्तरीय वन महोत्सव की शुरूआत करते हुए सी.एम. ने मंच से सिवानी को हिसार जिले में शामिल करने का ऐलान किया। 

उल्लेखनीय है कि 1996 में हरियाणा विकास पार्टी के सत्ता में आने के साथ ही तत्कालीन मुख्यमंत्री बंसीलाल ने कैबिनेट की पहली ही बैठक में सिवानी को हिसार की बजाय भिवानी जिले में मिला दिया था। इस फैसले से यहां के लोगों में भारी रोष था। इसके बाद प्रदेश में इनैलो सत्ता में आई और मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के सामने भी मांग उठी लेकिन कुछ नहीं हो सका। कांग्रेस के शासन में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समक्ष भी हिसार जिले में शामिल करने की मांग रखी गई थी लेकिन उन्होंने कभी गौर करना मुनासिब नहीं समझा। पिछले दिनों चौधरीखास की विकास रैली में भी सिवानी को हिसार में शामिल करने की मांग रखी गई थी। उस वक्त तो ये मांग पूरी नहीं हो सकी थी लेकिन रविवार को सिवानी में आयोजित रैली में सी.एम. ने इस पर अपनी मोहर लगा दी।