सीआईए टीम पर जानलेवा हमला, लूटपाट व बंधक बनाने के आरोप में 65 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

3/16/2023 6:51:45 PM

पुन्हाना, (ब्यूरो): फरीदाबाद की सीआईए टीम पर हुए जानलेवा हमला, लूटपाट व बंधक बनाने के आरोप में पुन्हाना पुलिस ने सीआईए इंचार्ज एसआई जलालुद्दीन की शिकायत पर गोकलपुर गांव के 15 नामजद सहित 65 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों द्वारा पुलिस कर्मचारियों पर किए गए हमले में पांच पुलिस कर्मचारी घायल हुए थे जो देर रात तक पुन्हाना के अस्पताल में भर्ती रहे। बल्लभगढ़ के उंचा सीआईए इंचार्ज जलालुद्दीन ने पुन्हाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सूरजकुंड फरीदाबाद के थाना में एक ट्रैक्टर चोरी को मुकदमा दर्ज है। जिसमें आरोपी तालीम पुत्र कोले खां निवासी गोकलपुर को गिरफ्तार कर लिया था।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए टैक्टर को अपने ही गांव के अजरूदीन पुत्र सफी मोहम्मद को 1 लाख 40 हजार रुपये में बेच दिया। सीआईए इंचार्ज जलालुद्दीन बुधवार को अपने 7 पुलिस कर्मचारियों के साथ आरोपी तालीम को लेकर टैक्टर की बरामदगी के लिए गोकलपुर गांव पंहुचे। शिकायत में बताया कि जब वो आरोपी के घर पहुंचे तो वहां पर आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही शोर मचा दिया और अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। पुलिस कर्मचारी इससे पहले कुछ समझ पाते वहां एकत्रित लोगों ने पुलिस कर्मचारियों पर लाठी डंडा सहित अवैध हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों को लाठी डंडा व अवैध हथियारों के बट से लहूलुहान कर दिया और घायल पुलिस कर्मचारियों से फोन, पर्स, व जरूरी कागजातों की फाइल भी लूट ली। आरोपियों ने पुलिस की गाडी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी। घायल पुलिस कर्मचारियों को करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा।

 

इस दौरान जब एक गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी बेहोश हुआ तो आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों को छोडा। घायल पुलिस कर्मचारियों को किसी तरह पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया जहाँ उनका देर रात तक उपचार किया गया। पुन्हाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सफी,वसीम,याकूब,अतिया, हरिजाना,मन्ना, साजिद, इम्तयाज, जहीर,साहुन, साकिर, इरशाद,नसरूदीन, जुम्मी, अजरूदीन सहित 40-50 अन्य लोगों के खिलाफ भा.द.स. की धारा 332,353,186,341,506,307,379बी,25 आर्म्स एक्ट, सहित सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुन्हाना के डीएसपी शमशेर सिंह का कहना है कि शिकायत पर 15 नामजद सहित 30 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस कर्मचारियों से लूटे सामान को बरामद किया जाएगा।

Content Writer

Pawan Kumar Sethi