25 फीट नीचे रहस्यमयी हालत में मिली कार, दो कंकाल भी बरामद (VIDEO)

1/21/2018 4:12:41 PM

यमुनानगर(सुमित अोबरॉय): जमीन से करीब 25 फीट नीचे खुदाई करने पर एक कार दबी हुई मिली। कार की फ्रंट सीटों पर एक महिला अौर एक पुरुष के कंकाल मिले हैं। हांलाकि शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कार यहां पिछले कई सालों से इन दोनों की मौत के राज को दफनाए हुए हैं जिसकी परतें अब हरियाणा पुलिस ने खोलनी शुरू कर दी है। 

नेशनल हाईवे पर निर्माण का कार्य चल रहा है। मजदूर पुल के नीचे कंक्रीट के ब्लॉक लगा रहे थे तो तभी कार का एक हिस्सा दिखाई दिया। जिसके बाद मशीन मंगाकर खुदाई करवाई गई। जिसमें से जर्जर कार निकली। उसमें से दो शव बरामद किए गए। सूचना मिलने पर बिलासपुर के डीएसपी व पुलिस टीम मौके पर पहुंचे, जिन्होंने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर HR02AA 5500 की जांच की गई तो यह कार जगाधरी के नरेश नामक व्यक्ति की पाई गई। कार में मिले शव किसके हैं उसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

कुछ लोगों का मानना है कि ये घर से भागे हुए लड़का-लड़की है। जिनकी रिपोर्ट सढौरा पुलिस स्टेशन में दर्ज है लेकिन पुलिस जांच पूरी होने से पहले इसे महज एक इतिफाक मानकर चल रही है। 

फिलहाल पुलिस ने कार में मिले सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं। कार में मिले दोनों कंकालों को जांच के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है और पुलिस इन दोनों के डीएनए टेस्ट करवाने की बात भी कह रही है, जबकि इन लोगो की हत्या हुई या फिर यह कोई हादसा था इसके बारे में भी पुलिस जांच कर रही है।