SKM ने किया कल भारत बंद का ऐलान,चढूनी की दो टूक- कोई दंगा हुआ तो हमारी जिम्मेदारी नहीं

7/30/2022 9:06:42 AM

अंबाला: एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत अन्य लंबित मांगें पूरी न होने से नाराज संयुक्त किसान मोर्चा ने कल 31 जुलाई को भारत बंद करने का ऐलान किया है। किसान नेशनल हाईवे पर सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक 4 घंटे धरना देते हुए चक्का जाम करेंगे। वहीं चक्का जाम के इस कार्यक्रम से भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप ने दूरी बना ली है। चढूनी ग्रुप की ओर से मैसेज शेयर किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा है कि संयुक्त किसान मोर्चा ने 31 जुलाई को भारत बंद की कॉल दी है। उसमें उनकी यूनियन का कोई भी किसान हिस्सा नहीं लेगा।  


भाकियू चढूनी ग्रुप ने सरकार द्वारा देह शामलात व जुमला मुश्तरका मालकान भूमि वापस लेने के बारे में जारी आदेश के खिलाफ 5 अगस्त को महापंचायत करने का निर्णय लिया है, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की अध्यक्षता में गांव बाढ़डा में होगी। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शहीद भगत सिंह भारतीय किसान यूनियन समेत अन्य ग्रुप जिलेभर के टोल पर पहले 31 जुलाई को शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि देंगे। इसके पश्चात सुबह 11 से 3 बजे तक चक्का जाम करेंगे। चक्का जाम के दौरान सिर्फ आपातकालीन स्थिति के लिए छूट दी जाएगी। नेताओं ने भी आमजन से चक्का जाम में सहयोग करने की अपील की है।

Content Writer

Isha