किसान स्मारक समेत कई मांगों को लेकर SKM करेगा प्रदर्शन, 16 फरवरी को करेंगे देशव्यापी हड़ताल’

1/19/2024 2:23:54 PM

रोहतक:  संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय श्रमिक संगठन दोनों मिलकर 16 फरवरी को देशव्यापी औद्योगिक हड़ताल करेंगे। इससे पहले 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर संयुक्त किसान मोर्चा जिला स्तर पर ट्रैक्टर मार्च करेगा। केंद्रीय श्रमिक संगठन इसका समर्थन करेंगे। आंदोलन के इस नये चरण की घोषणा 16 जनवरी को जालंधर में संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन में की गई। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह मातनहेल ने बताया कि‌ इन दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठन पूर्ण रूप से भागीदारी करेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी संगठनों के कार्यकर्ता एमएसपी गारंटी कानून बनाने, सभी फसलों का लागत से डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद करने, बिजली बिल संशोधन 2022 रद्द करने, किसान तथा श्रमिकों को कर्ज मुक्त करने, बुढ़ापा पेंशन 10 हजार रुपये मासिक लागू करने समेत मांगों को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।

उन्होंने बताया कि दिल्ली बॉर्डर पर 13 महीने चले आंदोलन के दौरान शहीद हुए 750 किसानों की स्मृति में सिंघू व टिकरी बॉर्डर पर शहीद स्मारक बनाए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा व दिल्ली सरकारों से स्मारक स्थल के लिए भूमि देने की मांग की जाएगी। देश-भर से दोनों सरकारों को पत्र भेजने की मुहिम चलाई जाएगी।

Content Writer

Isha