'भारत माता की जय' न बोलने पर मुस्लिम को मारा थप्पड़, 125 लोगों पर केस दर्ज(video)

7/12/2017 6:47:17 PM

हिसार (विनोद सैनी):भारत माता की जय और जय श्रीराम न बोलने पर बजरंग दल के एक कार्यकर्ताओं ने आम के व्यापारी मोहम्मद आसीन को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। दरअसल, ये गुस्सा कार्यकर्ताओं ने अमरनाथ यात्रियों पर फायरिंग करने पर उतारा। थप्पड मारने व जान मारने की धमकी देने के मामले में हिसार शहर पुलिस ने 125 अज्ञात लोगों के मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। मोहम्मद हसन का कसूर इतना था कि उसने मस्जिद के सामने प्रदर्शन का विरोध जताया था तथा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के कहने पर भारत माता की जय का नारा नहीं लगाया। इस मामले के बाद से स्थिति तनावपूर्ण है। पुलिस चाहती तो इस स्थिति को बिगड़ने से पहले काबू कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 

जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक बजरंग दल ने मंगलवार को आतंकवाद का पुतला फूंकने का ऐलान किया था। बजरंग दल के विभाग संयोजक कपिल वत्स की अगुवाई में कार्यकत्र्ता बाइक पर सवार हो कर लाहौरिया चौक के नजदीक जामा मस्जिद के सामने पहुंचे। ये सूचना पुलिस के पास भी थी लेकिन सिटी पुलिस ने कार्यकत्र्ताओं को खुला छोड़ दिया तथा तमाम कार्यकत्र्ता एकत्र हो कर पुतले के साथ लाहौरिया चौक के समीप जामा मस्जिद के सामने एकत्र हुए। यहां उन्होंने आतंकवाद व पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। इसी बीच मस्जिद के अंदर से यू.पी. निवासी मोहम्मद हसन बाहर आया तथा उसने इस तरह प्रदर्शन करने पर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने मोहम्मद हसन की एक नहीं सुनी तथा उलटे उसी से बहस करने लगे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने हसन को जबरन भारत माता की जय बोलने को कहा। हसन ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो कार्यकर्ताओं ने उसके साथ झड़प हो गई तथा एक कार्यकर्ता ने हसन के मुंह पर तमाचा जड़ दिया। मामला बिगड़ा तो आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए व दोनों पक्षों को अलग थलग किया।

ये सब होने के बाद सिटी पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक मारपीट करने वाले बजरंग दल के कार्यकर्ता पुतला फूंक कर जा चुके थे। मोहम्मद हसन ने पुलिस को तमाम घटनाक्रम से अवगत करवाया लेकिन बावजूद इसके देर रात तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मोहम्मद हसन ने पूरे मामले की सूचना उनके संपर्क के तमाम मुस्लिम नेताओं को भी दी जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

कौन है मोहम्मद हसन
जानकारी के मुताबिक मोहम्मद हसन यू.पी. का रहने वाला है तथा यहां मंडी में आम बेचने आया था। बताया जाता है कि सोमवार से वह यहां मस्जिद में ही रुका हुआ था।

पुलिस मुस्तैद होती तो टल सकती थी वारदात
कायदे से मामला संगीन होने के कारण पुलिस को प्रदर्शनकारियों के साथ होना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ये क्षेत्र सिटी पुलिस थाना के अंतर्गत आता है लेकिन प्रदर्शनकारियों के साथ एक भी मुलाजिम नहीं था। घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर आई तथा लकीर पीट कर लौट गई।