सत्ता में आने पर छोटे किसानों, मजदूरों व दलितों का होगा कर्जा माफ: सुरजेवाला

4/1/2018 11:59:15 AM

जींद(ब्यूरो): कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुर्जेवाला ने कहा है कि भ्रष्टाचार खत्म करने के झूठे दावे करने वाली भाजपा सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार पहले से कहीं अधिक बढ़ा है और जनता त्रस्त है। वह सफीदों की पुरानी अनाज मंडी में पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य की ओर से जन ललकार रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि जब देश के 12 उद्योगपतियों का 1 लाख 86 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया तो बाजार भाव क्यों नहीं बिगड़े। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस का शासन था, तब सरकार ने देश के किसानों का 72 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया था। अब फिर कांग्रेस की सरकार बनने पर देश और प्रदेश के छोटे किसानों, मजदूरों व दलितों का सारा कर्जा माफ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में हर वर्ग बुरी तरह से प्रभावित है और त्राहि-त्राहि कर रहा है। सुर्जेवाला ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि किसान अधिकार मांगने के लिए उठता है तो लाठियां व गोलियां बरसाई जाती हैं। खट्टर सरकार ने इरादा कत्ल के मुकद्दमे के तहत 47 किसानों को जेल में बंद कर दिया और अब भाजपा सरकार के तानाशाही रवैये के कारण देश में प्रतिदिन 46 किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जनता को कर्जे के बोझ के तले दबा दिया है। 2013-14 में केवल 60 हजार 300 करोड़ कर्ज था, जो बढ़कर 1 लाख, 41 हजार, 792 करोड़ हो गया है। इसका मतलब है कि खट्टर सरकार ने 1246 दिन में 81 हजार 492 करोड़ रुपए का कर्ज बढ़ा लिया, जो 2.73 करोड़ प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है।

रैली को पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य, अशोक आर्य, पूर्व विधायक फूलसिंह खेड़ी, पवन दीवान, रमेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, विरेंद्र राठौर, सुमित्रा चौहान, संजय छौक्कर, सुधीर गौत्तम, भूपेंद्र फौगाट, ईश्वर नैन, भूपेंद्र बूरा, सतबीर भाना, वीरेंद्र जागलान, संदीप सांगवान, सुमेर पहलवान, मुकेश चहल,र णबीर पहलवान, वजीर ढांडा, अशोक मलिक आदि ने भी संबोधित किया।

इनेलो को बताया भाजपा की बी टीम
सुरजेवाला ने रैली के दौरान इनैलो को भाजपा की बी टीम बताया। उन्होंने कहा कि इन दोनों के बीच पूरा गठजोड़ है। चुनाव के समय इन दोनों ही दलों के नेताओं से सावधान रहना चाहिए। दोनों ही दल के नेता एक दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप का दिखावा करते हैं। सुर्जेवाला ने कहा कि भाजपा की सोच आम जनता की दुख तकलीफों को दूर करके उनका विश्वास जीतने की नहीं है, बल्कि भाजपा तो धर्म व जाति के आधार पर जनता को बांटकर वोट लेने में विश्वास रखती है।

भाजपा की सरकार बनने से पहले कभी कोई जातीय और धार्मिक आधार पर दंगे नहीं हुए थे लेकिन आज खट्टर सरकार के 4 साल के शासनकाल ने 4 बार हरियाणा को दंगा फसाद की आग में धकेल दिया, जिसमें लगभग 36 लोगों की मौत हुई और करोड़ों की सम्पत्तियों का नुक्सान हुआ, जिसके लिए भाजपा सरकार सीधे रूप से दोषी है।

भाजपा का मूल मंत्र जातिवाद और अवसरवाद की राजनीति
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र जातिवाद और अवसरवाद की राजनीति करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी व करनी में फर्क इससे पता चलता है कि भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन भारत भूषण भारती के खिलाफ कार्रवाई के बजाय तीन साल के लिए एक्सटैंशन दे दी गई।
 

Deepak Paul