अंबाला शहर के कालका चौक पर स्माटर्बस-ट्रक की टक्कर, कंडक्टर की मौत...10 से ज्यादा यात्री घायल, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 03:13 PM (IST)
अंबाला : हरियाणा के अंबाला शहर के कालका चौक पर शनिवार तड़के गुरुग्राम से जालंधर जा रही इंटरसिटी स्माटर्बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में बस कंडक्टर छोटू (40) की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल जालंधर निवासी सूर्या शक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया।
अस्पताल स्टाफ के अनुसार हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। सूचना मिलने पर बलदेव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। कालका चौक अंबाला के दुर्घटना संभावित स्थानों में शामिल रहा है। हादसे में घायल सूर्या शक्ति ने बताया कि वह बस के स्लीपर कोच में सो रहा था। उसकी आंख खुली तो वह अस्पताल में भर्ती था। उसे हादसा कैसे हुआ और बस किस स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हुई, इसकी जानकारी नहीं थी। उसने बताया कि वह जालंधर जा रहा था और बस गुरुग्राम से जालंधर के लिए रवाना हुई थी।
हादसे में अरविंद (30) और निखारका (33) को मामूली चोटें आईं। इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं बस कंडक्टर छोटू की हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।