SMO की छुट्टी से गुस्साए मरीज, अस्पताल के मेन गेट को बंद कर लगाया जाम

5/14/2018 11:49:31 AM

टोहाना(सुशील सिंगला): नागरिक अस्पताल में एसएमओ के छुट्टी पर होने पर मरीज भड़क गए अौर उन्होंने अस्पताल के मुख्य गेट को बंद करके बाहर जाम लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के चलते सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। जाम की सूचना पाकर मौके पर पंहुची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाया। जाम की सूचना मिलने के बाद सीएमओ फतेहाबाद ने छुट्टी पर गए एसएमओ को फोन कर अल्ट्रासाउंड के लिए कहा जिसके बाद जाम को खोला गया। 

बलदेव सिंह ने बताया कि वह अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आया था लेकिन चिकित्सक के न होने के चलते उनको परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। जिसके चलते उन्होंने जाम लगाया है। 

महिला संतोष ने कहा कि पिछले कई दिनों से वह अल्ट्रासाउंड के लिए आ रही है आज नंबर आने की उम्मीद थी तो चिक्तिसक के छुट्टी पर होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि चिक्तिसक के न आने से अल्ट्रासाउंड बंद है इसलिए जाम लगाया गया है। 

एसएमओ डा सतीश गर्ग ने बताया कि वो मानसिक रूप से परेशानी के चलते छुट्टी पर हैं। आज वे अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। भविष्य में जब वे छुट्टी पर होंगे तो भी ऐसी समस्या न हो इसके लिए उन्होंने संगम चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान से बात की है वहां अल्ट्रासाउंड करवा दिए जाएंगे। 

Nisha Bhardwaj