कमरे में भरा धुआं, दम घुटने से 2 की मौत

1/28/2017 4:38:25 PM

गुड़गांव (ब्यूरो):साइबर सिटी के पॉश इलाका डी.एल.एफ. फेज-2 में 2 युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। दोनों युवक रात को सोए हुए थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। बताया जाता है कि जिस कमरे में दोनों युवक सोए हुए थे, उसके पास एक ऑटोमैटिक जनरेटर लगा हुआ था। जांच अधिकारी एस.आई. देवेंद्र ने बताया कि कमरे में धुआं भर जाने से युवकों का दम घुट गया जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। 

जानकारी के अनुसार मूलरूप से बिहार निवासी 18 वर्षीय गुड्डू और मध्य प्रदेश निवासी 19 वर्षीय निलेश दोनों डी.एल.एफ. फेज-2 स्थित एक मकान में नौकर का काम करते थे। यहां पर इनके अलावा अन्य नौकर भी है। बताया जाता है कि बुधवार की रात दोनों युवक कमरे में सोए हुए थे। कमरे में रसोई घर भी है और पास में एक जनरेटर लगा हुआ है। 

पुलिस की मानें तो जनरेटर ऑटोमैटिक है। यह अपने आप स्टार्ट भी हो जाता है और बंद भी। रात को गुड्डू व निलेश दोनों कमरे में सोए हुए थे। वीरवार की सुबह जब वे कमरे से बाहर नहीं आए तो अन्य नौकरों ने खिड़की से देखा तो दोनों कमरे में पड़े हुए थे। इस पर उन्होंने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। उधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में जाकर देखा तो दोनों युवक बिस्तर पर पड़े हुए थे। पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल पहुंची जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि की गई है। पुलिस का कहना है कि कमरे में जनरेटर का धुआं भर जाने से दोनों युवकों का दम घुट गया और उनकी मौत हो गई।