लग्जरी कार पर लगा था ''प्रेस'' का स्टीकर, फतेहाबाद पुलिस ने रोक कर ली तलाशी...मिला कुछ ऐसा कि तुरंत हो गया बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 04:02 PM (IST)

फतेहाबाद (रमेश भट्ट) : फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के लग्जरी कार में प्रैस का स्टीकर लगाकर नशा तस्करी करते एक महिला सहित दो लोगों को काबू किया है। पुलिस ने कार से 13 किलो 60 ग्राम अफीम के बरामद की है। पकड़ी गई अफीम की कीमत 70 लाख रुपए बताई गई है।

इस बारे में जानकारी देते हुए फतेहाबाद की एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि सीआईए रतिया की टीम एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के समीप नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए गश्त एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि ईश्वर लाल पुत्र मांगी लाल पाटीदार निवासी बरलाई, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) तथा सोना प्रजापति पत्नी सुनील प्रजापति निवासी बैजलपुर, जिला रायसेन (मध्यप्रदेश) मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अफीम लेकर हरियाणा एवं पंजाब में सप्लाई करने आ रहे हैं। 

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के समीप नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए विवरण के अनुसार होंडा सिटी कार नंबर DL-3CBA-2461 को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आया। 

आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही कार के आगे और पीछे ' *दैनिक सुदर्शन टुडे'* के स्टिकर लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपियों ने स्वयं को संदेह से दूर रखने तथा पुलिस जांच के दौरान आसानी से निकलने के उद्देश्य से समाचार पत्र के स्टिकरों का कथित रूप से दुरुपयोग किया। पुलिस इस पूरे पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है कि इन स्टिकरों का उपयोग किस उद्देश्य से किया गया तथा इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

static