ताकि न रुकें एम्बुलैंस के पहिए, स्वास्थ्य विभाग ने की 11 चालकों की व्यवस्था

1/5/2020 3:17:03 PM

जींद(ललित): स्वास्थ्य विभाग ने रैफरल ट्रांसपोर्ट कर्मचारी एसोसिएशन की सामूहिक अवकाश के अल्टीमेटम के बाद 11 चालकों का प्रबंध विभाग ने किया है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि एम्बुलैंस ऑन रूट रहें और मरीजों को दिक्कत नहीं हो। विभाग ने एम्बुलैंस को ऑन रूट करने के लिए रोस्टर तैयार कर लिया है।  रैफरल ट्रांसपोर्ट कर्मचारी एसोसिएशन ने सिविल सर्जन को ज्ञापन देकर नए रोस्टर से संबंधित 1 महीने से चल रही समस्या के संदर्भ में अवगत करवाया था। चालकों ने कहा था कि नए रोस्टर का वह विरोध करते हैं, क्योंकि इसमें एक चालक से 12 घंटे डयूटी ली जा रही है।

नियम के अनुसार ऐसा नहीं किया जा सकता। नया रोस्टर मोटर व्हीकल एक्ट 1961 चैप्टर नंबर 5 का उल्लंघन है। यह चालकों को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने के लिए किया गया है। समस्या को लेकर वह सिविल सर्जन और विधायक को भी अवगत करवा चुके हैं, लेकिन एक महीने बाद भी चालकों की समस्या का समाधान नहीं किया गया है। परेशान चालकों ने सिविल सर्जन को सौंपे ज्ञापन में 6 जनवरी को सुबह 7 से 7 जनवरी को सुबह 7 बजे तक सामूहिक अवकाश पर रहने के संबंध में नोटिस दिया है।  स्वास्थ्य विभाग ने एम्बुलैंस को ऑन रूट रखने के लिए 11 चालकों की सूची तैयार की है।

सिविल अस्पताल के लिए 5 चालक रखे गए हैं। इनमें से 3 चालक दिन में ड्यूटी करेंगे, जबकि 2 चालक रात को ड्यूटी करेंगे। सिविल अस्पताल  नरवाना में 2, सी.एच.सी. जुलाना में एक, सी.एच.सी. उचाना में एक, सी.एच.सी. सफीदों में एक और सी.एच.सी. कालवा में एक चालक तैनात किया गया है। सभी चालक दिन के समय में ड्यूटी करेंगे। रैफरल सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल में हर रोज 70 से ज्यादा कॉल आती हैं। काल आने के बाद संबंधित एरिया में एम्बुलैंस को भेज दिया जाता है। अब जो रोस्टर स्वास्थ्य विभाग ने तैयार किया है, उसमें नरवाना के उझाना से लेकर रोहतक तक मरीज को पहुंचाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उझाना में एम्बुलैंस तैनात होने पर इसका फायदा आस-पास की पी.एच.सी. के मरीजों को होगा। इसी रूट पर नरवाना, उचाना पड़ता है। यहां पर भी विभाग ने एक-एक एम्बुलैंस पर चालक की व्यवस्था कर दी है। सी.एच.सी. कंडेला जींद से कुछ ही दूरी पर है, इसलिए यहां से मरीजों को जींद आने में कोई परेशानी नहीं होगी। 

Isha