अब से जो करेगा महिला का अपमान उसका होगा सामाजिक बहिष्कार' (Video)

11/19/2018 2:48:05 PM

सोनीपत(पवन राठी): हमेशा महिलाओं के विषय को लेकर बदनाम रहने वाली हरियाणा की खाप पंचायत अब महिलाओं के मान सम्मान को लेकर अच्छे निर्णय भी ले रही है। सोनीपत के गांव सिसाना में रविवार को दहिया खाप की महापंचायत में सर्वसम्मति से जो निर्णय लिए गए है वह सहरानीय है। आप देख सकते हैं कि सोनीपत के गांव सिसाना में दहिया खाप की महापंचायत का आयोजन दहिया खाप के प्रधान महाबीर सिंह के अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है।

इस महापंचायत में दहिया खाप के तहत आने वाले 54 गांव के ग्रामीणों ने भाग लिया।  जिसमें खाप के प्रधान बलबीर सिंह ने बताया कि आज की इस महापंचायत में फैसला लिया गया है कि जो महिलाओं पर अत्याचार करेगा या फिर उस पर गलत नजर डालेगा। उसे सामाजिक बहिष्कार करने के साथ-साथ गांव से भी निकाल दिया जाएगा।  जो पंचायत की तरफ से दी गई सामाजिक सजा होगी।

इस पंचायत में सभी गांव के प्रतिनिधियों के माध्यम से संदेश दिया गया है कि बहन बेटियों का मान सम्मान बनाए रखें।  यहां पर आयोजित इस महापंचायत में 20 अहम मुद्दे भी रखे गए, जिसमें कहा गया कि जो भी बहू बेटी कहीं पर भी किसी भी खेल में मेडल जीतकर गांव का मान सम्मान बढ़ाएगी। उनका स्वागत सार्वजनिक मंच पर किया जाएगा। साथ ही उसे फाइनेंस की मदद भी दिलाई जाएगी।   

पंचायत में कहा गया कि जो लोग मृत्यु भोज में फिजूल खर्चा करते है, उस पर भी लगाम लगाया जाएगा। इस फिजूल खर्चे को न करके गौशाला या किसी भी गरीब की मदद में वह धनराशि खर्च करने की कोशिश की जाएगी। यहां पर लिए गए इन फैसलों को अन्य गांव के खाप सदस्यों ने अच्छा बताया और कहा कि जो भी निर्णय हुए हैं उनका पालन किया जाएगा। यहां पर आयोजित खाप पंचायत में युवाओं को घरों के माध्यम से जागरूक करके उन्हें एक अच्छा व्यक्तित्व देने पर भी जोर दिया गया। साथ ही नशे से युवाओं को दूर रखने पर भी हर गांव में जागरूक करने का निर्णय लिया गया।

Rakhi Yadav