गोलियों की गड़गड़ाहट से दहला सोहना अस्पताल, बाल-बाल बचे कर्मचारी

1/24/2024 4:33:31 PM

सोहना (सतीश) : सोहना सिटी थाना पुलिस के दावों की पोल उस समय खुल गई जिस समय सिटी पुलिस थाना से चंद मिनटों की दूरी पर स्थित एक निजी अस्पताल पर अज्ञात बदमाशों ने एक के बाद एक लगातार तीन राउंड फायरिंग की, लेकिन गनीमत यह रही कि उस समय अस्पताल के कर्मचारी पीछे सोए हुए थे, नहीं तो यहां पर बड़ी वारदात भी घटित हो सकती थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी।



बता दें कि सोहना के दिल्ली अलवर सड़क मार्ग पर गंदे नाले के पास भारत हॉस्पिटल स्थित है। एक गोली अस्पताल के कैबिन के अंदर फंसी हुई है जबकि दो गोलियां केबिन के कांच को तोड़ती हुई निकल गई है। अस्पताल स्टाफ के अंदर भय का माहौल है। हालांकि गोली चलाने वाले बदमाशों के बारे में अभी तक ना तो हॉस्पिटल स्टाफ को यह जानकारी है कि गोली किसने ओर क्यों चलाई है। ना ही हॉस्पिटल संचालक को आरोपियों के बारे में किसी प्रकार की कोई जानकारी है। देखना इस बात का होगा कि पुलिस आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है। इस गोलीकांड को जीडी गोयनका स्कूल के पीछे बनी पार्किंग के विवाद से भी जोड़ कर देखा जा रहा है, क्योंकि मंगलवार को पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को लेकर एक पंचायत का भी आयोजन किया गया था। इसका खुलासा तो आरोपियों की गिरफ्तारी व पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा कि गोली चलाने के पीछे की असली वजह क्या थी। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana