ब्रह्मसरोवर पर बिजली बचत के लिए लगेगा सोलर प्रोजैक्ट

punjabkesari.in Monday, Nov 18, 2019 - 04:50 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(धमीजा) : अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2019 को लेकर आयोजित बैठक में विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि नगर पार्षदों व शहर की एम.जी.ओ. के सहयोग से यादगार बनाया जाएगा। इतना ही नहीं नगर पार्षदों को विशेष तौर पर निमंत्रण दिया जाएगा। इसके अलावा शहर के सभी 31 वार्डों में नगर पार्षदों के माध्यम से करीब 31 हजार महोत्सव के निमंत्रण कार्ड भी वितरित किए जाएंगे।

वह रविवार को देर सायं के.डी.बी. कार्यालय में अधिकारियों को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए लगभग सभी प्रकार के टैंडर के.डी.बी. की तरफ से किए जा चुके हैं। इस महोत्सव में लोकल लोगों को ज्यादा तवज्जो देने का प्रयास किया जाएगा। इस महोत्सव के लिए नगर पार्षदों और शहर की सभी एम.जी.ओ. के साथ के.डी.बी. के अधिकारियों के साथ बैठक होगी और सभी से सुझाव लिए जाएंगें ताकि महोत्सव को ओर बेहतर बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों को महोत्सव में आमंत्रित किया जा रहा है और पार्षदों के माध्यम से करीब 31 हजार निमंत्रण कार्ड वितरित किए जाएंगे। इस महोत्सव में इस बार खाने पीने के स्टालों के लिए 6 टैंडर लगाए जाएंगे ताकि लोगों के किफायती दरों पर अच्छी गुणवत्ता का खाना दिया जा सके। इसके लिए बाकायदा एक कमेटी का भी गठन किया गया है। विधायक ने कहा कि प्रदेश की मुख्य सचिव की तरफ से सभी राज्यों के सी.एस. को निमंत्रण देकर महोत्सव में शामिल होने करे लिए आग्रह किया गया है। इस महोत्सव में निजी स्टालों के लिए 500 लोगों ने आवेदन किया है और ड्रा के माध्यम से स्टाल दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि महोत्सव के लिए देश विदेश से लाखों पर्यटकों के लिए हर प्रकार के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इस मामले में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करेंगे। के.डी.बी. के सी.ई.ओ. एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के संयुक्त सचिव गगनदीप सिंह ने कहा कि के.डी.बी. की तरफ से सभी प्रकार की तैयारियां जोर-शोर के साथ की जा रही हैं।

सभी सुझावों पर काम किया जा रहा है ताकि सभी मिलकर शहर के इस महोत्सव को सफल बनाया जा सके। इस महोत्सव के लिए नगर पार्षदों और संस्थाओं का सुझाव भी लिया जाएगा इसके लिए शीघ्र एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर के.डी.बी. के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, के.डी.बी. सदस्य सौरभ चौधरी, रविंद्र सांगवान, पार्षद प्रदीप सैनी, विशाल शर्मा, मोहन लाल अरोड़ा, लेखा अधिकारी लक्ष्मीनाथ व सुभाष चंद राविश सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

 बिजली के बिल अधिक आने के कारण लिया फैसला
ब्रह्मसरोवर पर बिजली की बचत के लिए सोलर प्रोजैक्ट स्थापित किया जाएगा। उसके लिए के.डी.बी. शीघ्र कार्रवाई करना सुनिश्चित करेगा। बिजली के बिल अधिक आने के कारण ऐसा फैसला किया गया। विधायक ने कहा कि ब्रह्मसरोवर तथा आसपास के क्षेत्रों में लगी लाइटों पर भारी भरकम बिल आ रहे थे। 

पुलिस को मुस्तैद रहने के दिए आदेश
विधायक ने पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए कि ब्रह्मसरोवर के चारों तरफ निरंतर गश्त करेंगे और शराब बचने वालों पर शिकंजा कसने के साथ साथ शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे। इस मामले में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static