शादी के लिए छुट्टी पर आया फौजी लापता, कार में सवार होकर शॉपिंग के लिए निकला, नहीं लौटा वापस

1/29/2023 8:41:16 PM

सोनीपत : सेना से छुट्टी लेकर घर लौटा फौजी अपनी शादी से चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बताया जा रहा है कि वह कार में सवार होकर शादी की शॉपिंग करने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

30 जनवरी को दिल्ली जानी थी परविंद्र की बारात


पुलिस को शिकायत देकर गांव बैंयापुर के कृष्ण कुमार ने बताया कि उनका 23 साल का बेटा परविंद्र आर्मी में तैनात है। वह लेह-लद्दाख में हवलदार के पद पर पोस्टेड है। 20 जनवरी को ही वह छुट्टी लेकर घर आया था। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को परविंद्र की  शादी होनी थी। शादी से चार दिन पहले वह कार में सवार होकर कपड़े लेने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। फौजी के पिता ने बताया कि उन्हें शक है कि किसी ने उनके बेटे को अगवा कर लिया है।

 

शादी से नाखुश था फौजी, परिवार के दबाव में कर रहा था शादी

 

मिली जानकारी के अनुसार परविंद्र दो बहनों का इकलौता भाई है। करीब 3 महीने पहले उसके बेटे परविंद्र का रिश्ता दिल्ली की रहने वाली  लड़की के साथ तय हुआ था। रिश्ता तय होने के कुछ दिन बाद से ही परविंद्र लड़की पसंद नहीं होने की बात कहने लग गया था, लेकिन परिवार की इज्जत और घरवालों के दबाव के चलते वह शादी करने के लिए तैयार हो गया था। अब शादी से चार दिन पहले ही वह घर से इस तरह लापता हो गया है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Content Writer

Gourav Chouhan