रिटायर्ड सैनिकों ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अनुदान केरल सरकार को भेजा(VIDEO)

8/30/2018 10:13:43 AM

अंबाला(अमन कपूर): देश पर आई किसी भी विपदा के समय आपने हमेशा भारतीय सेना को सबसे आगे देखा होगा। हमेशा हमारी सेनाओं के जवान भगवान बनकर लोगों को बड़ी से बड़ी मुसीबत से बाहर निकाल लाए हैं जिसका एक उदाहरण हमने हाल ही में केरल में आई भयंकर बाढ़ के समय देखा। देश और देशवासियों की सेवा का जो जज्बा सैनिकों को सेना में सिखाया जाता है वो ही जज्बा उनमें सेना से रिटायर होने के बाद भी रहता है। जिसकी मिसाल अम्बाला के रिटायर सैनिकों ने केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद करके की है।  

अंबाला की एक्स सर्विसमैन वेलफेयर कमेटी से जुड़े रिटायर्ड सैनिकों ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 1 लाख 1 हजार रुपयों का अनुदान केरल सरकार के खाते में भेजा है। बाढ़ में मारे गए लोगों की आत्मा की शान्ति के लिए इन सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर अपनी सम्वेदनाएं व्यक्त की। अपनी पूरी जवानी देश और सेना के नाम कर देने वाले रिटायर सैनिकों में सेना से रिटायर होने के बाद भी देश सेवा का जज्बा कायम है। 

केरल में आई बाढ़ ने जिस तरह तबाही मचायी उसने पूरी दुनिया को हिलाकर कर रख दिया है। एक्स सर्विसमैन वेलफेयर कमेटी के प्रधान सूबेदार अतर सिंह मुल्तानी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अंबाला के सैनिकों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। इन सैनिकों ने अपनी मामूली से पेंशन और कुछ लोगों के सहयोग से 1 लाख 1 हजार रुपयों का योगदान दिया है जो केरल बाढ़ राहत कोष में भेजा जाएगा। इसके अलावा भी ये रिटायर्ड सैनिक बाढ़ राहत के लिए और मदद भेजने के प्रयास कर रहे हैं। जहां तक हो सकेगा उतनी लोगों की और मदद की जाएगी।

Rakhi Yadav