जेल में पहले दिन पुत्र अर्जुन के साथ जमीन पर सोए अभय चौटाला

2/25/2017 10:14:30 AM

अंबाला:एस.वाई.एल. की खुदाई करने के लिए पंजाब में दाखिल हुए इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला को गिरफ्तारी के बाद गत देर रात केंद्रीय जेल पटियाला में बंद कर दिया गया। धारा 144 के उल्लंघन के दोष में अपने 73 नेताओं के साथ गिरफ्तार किए गए अभय चौटाला पहली रात अपने पुत्र अर्जुन चौटाला के साथ जमीन पर सोए। इनैलो के नेताओं को बैरक 9 में रखा गया। बैरक 9 के आगे भी एक बैरक है जिसमें अभय चौटाला को रखा गया। जानकारी के मुताबिक सुबह अभय चौटाला और अर्जुन चौटाला ने अचार और दही के साथ रोटी खाई और दोपहर को दाल और आम कैदियों की तरह दिन भर समय सिर बैरक में गए और बाहर आए। दूसरी तरफ दिन के दौरान चौटाला काफी समय जेल के अंदर घूमते भी दिखाई दिए। 

उधर, बाहर अभय सिंह चौटाला को मिलने के लिए 2 दर्जन के करीब वर्कर आए थे, परंतु किसी को भी मिलने नहीं दिया गया। इस संबंध में जेल सुपरिंटैंडैंट भूपिंद्र सिंह विर्क ने बताया कि जिस तरह बाकी कैदियों को रखा जाता है, इनैलो नेताओं को भी उसी तरह ही रखा गया है। इनैलो नेता अभय चौटाला से उनके पिता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के शनिवार को मिलने आने की संभावना है, हालांकि इसकी कोई अधिकृत पुष्टि नहीं कर रहा है। 

नहर निर्माण के लिए हर कुर्बानी को तैयार इनैलो
चंडीगढ़ (संघी): इनैलो ने कांग्रेस व भाजपा नेताओं द्वारा एस.वाई.एल. की खुदाई को लेकर दिए गए बयानों की तीखी आलोचना करते हुए इसे इन दोनों पार्टियों के नेताओं की हताशा व बौखलाहट करार दिया है।  इनेलो के वरिष्ठ नेता सुभाष गोयल, पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान, पूर्व मंत्री मोहम्मद इलियास, पूर्व मंत्री जगदीश नैयर, जींद के विधायक डा. हरिचंद मिड्ढा, सिरसा के विधायक मक्खन लाल सिंगला व पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह ने कहा कि पार्टी को इस मुद्दे पर प्रदेशभर से मिले व्यापक जनसमर्थन को दोनों दलों के नेता पचा नहीं पा रहे। इसलिए हताशा व निराशा में तंज कसने वाली हल्की टिप्पणियां करके राज्य के हितों को नुक्सान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। एस.वाई.एल. हरियाणा की जीवन रेखा है व इस नहर के निर्माण को लेकर उनकी पार्टी न सिर्फ केंद्र पर निरंतर दबाव बनाए रखेगी बल्कि बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने में भी पीछे नहीं हटेगी। भाजपा के नेता व मंत्री उनकी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ, पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा व अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ तो बोलने का साहस नहीं जुटा पा रहे जो निरंतर यह कह रहे हैं कि पंजाब एक बूंद पानी भी हरियाणा को नहीं देगा।