''मर्जी से कर रहा हूं आत्महत्या'' नोट लिख लाइसैंसी रिवाल्वर से खुद को मारी गोली

10/1/2019 9:16:44 AM

भिवानी (पंकेस): दादरी की एम.सी. कालोनी निवासी युवक ने बीती रात को घर पर अपने पिता की लाइसैंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर युवक के दादा व दादी मौजूद थे। युवक द्वारा आत्महत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी हुई है। मृतक युवक दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता था। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। 

जानकारी के अनुसार मूलरूप से झज्जर जिला के गांव पहाड़ीपुर निवासी बी.एस.एफ. में कार्यरत भूप सिंह परिवार के सदस्यों के साथ दादरी की एम.सी. कालोनी में रहता है। फिलहाल उसकी ड्यूटी ओडिशा में है। रविवार शाम को घर पर भूप सिंह का छोटा बेटा करीब 23 वर्षीय विक्की सिवाच व उसके दादा-दादी मौजूद थे।  विक्की की मां नवरात्रों में देवी पूजा के लिए देवसर धाम गई हुई थी। देर सायं विक्की अपने दादा अनूप सिंह के साथ बातचीत करने के बाद घूमने के लिए घर से बाहर चला गया।

करीब 20 मिनट बाद वह वापस घर पर आया तथा अपने कमरे में चला गया। इस दौरान उसके दादा अनूप सिंह घर के बरामदे में ही बैठे हुए थे। अचानक अनूप सिंह को विक्की के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वे कमरे में पहुंचे तो वहां पर विक्की खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ था। उन्होंने देखा कि विक्की ने घर पर ही रखी अपने पिता की लाइसैंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। विक्की को दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी थाना प्रभारी निरंजन सिंह मौके पर पहुंचे।

 इस दौरान तलाशी लेने पर पुलिस को विक्की के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। जिसमें विक्की ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी हुई थी। पुलिस ने मृतक विक्की के दादा अनूप सिंह के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। सुसाइड नोट में विक्की ने लिखा है कि मेरी मौत का कोई भी जिम्मेदार नहीं है। मैं मेरी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं। इसलिए मेरी मौत के बाद पुलिस द्वारा किसी को भी परेशान न किया जाए।    


 

Isha