इंफेक्शन से हुई थी बेटे की मौत, किसी और के साथ न हो इसलिए सैनिटाईजर बनाना शुरू किया

3/21/2020 4:14:43 PM

अंबाला: अम्बाला के जंडली निवासी सुनील दत्त बताते हैं कि 2013 में बेटा सड़क हादसे में घायल हो गया था। उपचार के दौरान ही बेटे को इंफेक्शन हुआ और उसे बचाया नहीं जा सका। जीवन के इस हादसे ने मुझे अंदर तक हिला दिया। कोई और इंफेक्शन का शिकार न हो इसी सोच के साथ लिक्विड हैंड सेनिटाइजर बनाने के बिजनेस में आया। 

अम्बाला में इकलौती लाइसेंसी फर्म रोन एंड बेकर के नाम से लगाई। दुनिया भर में कोरोना वायरस के केस आने शुरू हुए तो लिक्विड हैंड सेनिटाइजर की मार्केट में बूम आ गया। सिंगापुर की फर्म से मुझे 10 लाख सेनिटाइजर पीस का ऑर्डर मिला था। 5 लाख पीस कंटेनर के जरिए भेज चुके हैं। अब अपने देश में सेनिटाइजर की मांग बढ़ी तो सिंगापुर में सप्लाई रोक दी। 

अम्बाला जिला प्रशासन से संपर्क किया और कंट्रोल रेट पर सरकार व लोकल मार्केट को सप्लाई कर रहे हैं। प्रशासन ने भी अल्कोहल कोटा बढ़ाया है। फर्म में अब 3 शिफ्टों में काम चल रहा है। सिंगापुर की फर्म ने कई बार संपर्क किया और यहां तक कहा कि वह मनचाहे दाम लें। विदेशी सप्लाई बंद कर देश में ही सेनिटाइजर सप्लाई को चालू रखी है। 

वादा करके केमिस्ट व होल सेलर को दे रहे बॉक्स
सेनिटाइजर की डिमांड इतनी ज्यादा है कि कंपनी के बाद दिन-रात आर्डर आ रहे हैं। सुनील दत्त ने बताया कि केमिस्ट व होलसेलर को उसका लाइसेंस चेक कर सेनिटाइजर दिए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें आह्वान किया जा रहा है कि वह इस तय दामों में बेचें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को सेल करें।

एक केमिस्ट को अधिकतम 3 बॉक्स व होलसेलर को 200 बॉक्स तक सेल किए जा रहे हैं। बीते 10 दिनों में 15 लाख लिक्विड हैंड सेनिटाइजर बेच चुके हैं। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली के अलावा दक्षिण भारत के कई राज्यों में सप्लाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि अम्बाला में लिक्विड हैंड सेनिटाइजर बनाने वाली यह इकलौती लाइसेंसी फर्म है।

Shivam