नशे में धुत बेटे ने माता पिता को काटा, मौत (Video)

6/22/2018 7:42:01 AM

शाहाबाद(रणदीप रोड): शाहाबाद के गांव चडूनी चट्टान में एक युवक ने नशे की हालत में अपने माता-पिता की तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान श्योराम और सोमा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शवों को कब्जे में लेकर एल.एन.जे.पी. कुरुक्षेत्र भेज दिया है।

चढ़ूनी निवासी विशाल (24) नशे में सायं करीब 5.30 बजे घर पहुंचा। इसके बाद वह हाथ में तेजधार हथियार लेकर घर के उस कमरे में पहुंचा, जिसमें उसके माता-पिता होते हैं। कमरे में अपने पिता श्योराम को सोता देख विशाल ने हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद वह हथियार लेकर बाड़े में पहुंचा जहां उसकी माता सोमा देवी भैंसों का दूध निकालने गई थी। विशाल ने वहीं माता पर हमला कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया। कुछ ही समय में यह खबर गांव में फैल गई और अन्य रिश्तेदारों ने फोन कर थाना शाहाबाद प्रभारी को इसकी सूचना दी तो डी.एस.पी. जगदीश राय और थाना प्रभारी मलकीत सिंह गांव चढ़ूनी पहुंच गए और विशाल को गिरफ्तार कर लिया। तथ्य जुटाने के लिए पुलिस ने फोरैंसिक टीम को मौके पर बुलाया। 

ग्रामीणों का कहना है कि विशाल को नशे लत है और माता-पिता अक्सर उसको नशा करने से रोकते थे। अपनी लत को पूरा करने के लिए वह माता-पिता से खफा था और अक्सर घर में झगड़ा होता था। इसी को लेकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया होगा। विशाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है।
 

Rakhi Yadav