बेटे की करतूत ने झुकाया बराला का सिर, पोते ने भी किया था कुछ ऐसा

8/8/2017 4:17:56 PM

चंडीगढ़:बेटे विकास की इस हरकत से जहां सुभाष बराला की नजरें शर्म से झुक गईं, वहीं दूसरी ओर एक और खुलासा हो रहा है कि उनके पोते पर भी युवती की किडनैपिंग के आरोप लग चुके हैं। मामला 8 मई 2017 का है, जहां बराला के पैतृक गांव बढ़ईखेड़ा से एक नाबालिग लड़की किडनैप हुई थी। ये आरोप बराला के पोते यानी उनके भतीजे के बेटे विक्रम उर्फ विक्की बराला पर लगे थे। इस मामले में विक्की के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। मामला इतना बढ़ा था कि उनके ही गांव के लोगों ने सुभाष बराला के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाइवे जाम किया था।

लापता लड़की के परिजनों ने लगाए थे आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी, लेकिन अचानक लापता हो गई। इस बीच गांव के ही विक्रम बराला उर्फ विक्की द्वारा नाबालिग लड़की को बाइक पर बिठाकर ले जाने की बात फैल गई थी। इसके बाद अगले दिन ग्रामीणों ने विक्की की गिरफ्तारी करवाई थी। पुलिस ने धरना दे रहे परिजनों एवं ग्रामीणों को ये संदेश दिया कि लड़की को बरामद कर करनाल स्थित नारी निकेतन में भेज दिया गया। इस पर लोगों का गुस्सा भड़क गया और लोगों ने पीड़िता के सामने बात करने की बात कही। लेकिन पुलिस ने उस समय भी ये कहा कि पीड़िता ने बयान दिए हैं कि वो विक्की के साथ अपनी मर्जी से गई थी। फिर क्या था ग्रामीणों ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया था। वहीं केस को लेकर सुभाष बराला सीधे तौर पर ग्रामीणों के सामने नहीं आए थे, लेकिन बयान जारी करके कहा था कि आरोपी उनका दूर का रिश्तेदार है। जबकि विक्रम बराला भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के अपने भाई का पोता है। आज बराला पर फिर से एेसी ही मुसीबत आन पड़ी है, जब उनके बेटे पर विकास बराला पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं।