''कोई नौकरी ढूंढ लो''... बस इतनी सी बात पर आपा खो बैठा बेटा, अपने ही पिता को मारकर कर दिया अधमरा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 09:01 PM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी): हरियाणा के फरीदाबाद शहर की भीम बस्ती में नौकरी करने की सलाह देना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 22 वर्षीय बेटे ने अपने पिता पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में पिता की कमर और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें बीके अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।

मामला ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र का है। घायल 46 वर्षीय बालकिशन ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त की शाम वह अपनी पत्नी पूनम और दोनों बेटों विकास उर्फ विक्की व योगेश उर्फ योगी के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान वह और उनकी पत्नी बड़े बेटे विकास को नौकरी करने के लिए समझा रहे थे।

बालकिशन के मुताबिक, नौकरी की बात सुनकर विकास नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। पिता ने उसे ऐसा करने से रोका, तो वह घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया। आरोप है कि विकास ने चाकू से पिता की कमर और छाती पर कई वार कर दिए।

धमकी देकर मौके से आरोपी फरार

हमले के बाद बालकिशन ने शोर मचाया, तो विकास उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भाग गया। इसके बाद पत्नी पूनम ने घायल बालकिशन को उपचार के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया।

सफदरजंग अस्पताल किया रेफर

बीके अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने बालकिशन की हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल जांच में उनके शरीर पर धारदार हथियार से लगी तीन चोटों का उल्लेख किया गया है।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने बालकिशन को बयान देने के लिए फिट घोषित किया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया। बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विकास उर्फ विक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी बेटे की तलाश जारी

ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static