एक बार फिर सुर्खियों में सोनाली फोगाट, 17 लोगों पर कराया केस दर्ज, जानिए पूरा मामला

5/12/2021 10:25:37 PM

हिसार (विनोद सैनी): टिकटॉक स्टार एवं भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। सोनाली ने फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने वाले 17 लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट का केस दर्ज कराया है। इसको लेकर मिलगेट थाना पुलिस जांच में जुट गई है। 



पुलिस को दी शिकायत में भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट ने बताया कि वह अभिनेत्री होने के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र से भी जुड़ी हैं। वह अकसर सोशल मीडिया पर अपनी एक्टिविटी शेयर करती हैं। उन्होंने बताया कि करीब 10 दिन से कुछ लोग फेसबुक पर उन पर अभद्र कमेंट कर रहे थे। जिस कारण उनके मान सम्मान को ठेस पहुंची। इन टिप्पणी से वह तथा उनका परिवार मानसिक परेशानी में है। 



शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 509 व 67 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सोनाली के पीए सुधीर सांगवान ने बताया कि हमने 17 लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। जिसमें कुछ राजनीतिक लोग भी हैं। उधर, हिसार के डीआईजी बलवान सिंह राणा ने बताया कि सोनाली फोगाट की शिकायत मिली है। जिस पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रहे हैं। 

Content Writer

vinod kumar