सोनिया गांधी को धन्य, उन्होंने राहुल को मैचयोर होने के लिए दिए 55 साल :परवीन अत्रे

5/29/2023 8:07:04 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रवीण अत्रे ने  चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के बाद बातचीत के दौरान कांग्रेस पर कई तरह के कटाक्ष करते हुए सवालिया निशान खड़े किए। उन्होंने कहा कि कुछ कांग्रेस के नेता कहते हैं राहुल अब मैच्योर हो चुके हैं, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ट्रक की यात्रा को लेकर कहा कि वह तुजुर्बा ले रहे हैं, बड़ी हैरानी की बात है कि जो व्यक्ति 55 साल में मैचयोर हो रहा है, जिसने 55 साल की उम्र में तजुर्बा लेना शुरू किया है, उससे पहले वह क्या कर रहे थे। अत्रे ने सोनिया गांधी को धन्य बताया कि उन्होंने अपने बेटे को मैचयोर होने के लिए 55 साल दे दिए। अत्रे ने कहा कि सभी अपने बच्चों को ऐसी परवरिश और ऐसे संस्कार देते हैं कि वह 18 साल की उम्र मे मैचयोर होने के बाद जीवन में आगे बढ़ना शुरू करें। प्रवीण अत्रे ने राहुल की भारत जोड़ो यात्रा और ट्रक की यात्रा को प्रोपगंडा और नौटंकी बताते हुए कहा कि आज देश की जनता सब समझती है। सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को लेकर दिए जा रहे बयान अपने आपमें एक उदाहरण हैं।

 

गुलामी के प्रतीक भवन में 70 साल से चल रहा था लोकतंत्र का मंदिर :अत्रे

 

प्रवीन अत्रे ने लोकसभा के पुराने भवन को गुलामी का सिंबल बताते हुए कहा कि देशवासियों के लिए बड़े हर्ष और खुशी का विषय है कि देश के पास अब अपने लोगों द्वारा बनाई हुई लोकसभा मौजूद है। 70 साल से उस भवन में लोकसभा चलाई जा रही थी, देश का लोकतंत्र उस भवन में चल रहा था जो खुद गुलामी का प्रतीक था। 300 साल तक देश पर राज करने वाले लोगों ने उस भवन को बनाया था। 70 साल में इस गुलामी के सिंबल को हटाने का किसी ने प्रयास तक नहीं किया। लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे कर दिखाया। जब नए लोक सभा भवन की नींव पत्थर रखने लगे तो कांग्रेस दिल्ली हाई कोर्ट में गई, इसका विरोध किया, लेकिन हाईकोर्ट से मुंह की खाने के बाद सुप्रीम कोर्ट जाने पर भी उन्हें मुंह की खानी पड़ी। अब फिर से उन्होंने उद्घाटन को रोकने का प्रयास किया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कांग्रेस को घबराहट हैं। क्योंकि नई लोकसभा में लोकसभा अध्यक्ष के बराबर सनातन संस्कृति की पहचान संगोल की स्थापना हुई है। राज किस तरह से चलाया जाए यह इसका सिंबल है। कांग्रेस की तुष्टिकरण की सोच पर एक गहरा वार किया गया है।

 

केंद्र सरकार के 9 साल के कार्यों की बुकलेट डोर टू डोर पहुंचाएंगे भाजपा के कार्यकर्ता :अत्रे

 

भाजपा प्रवक्ता प्रवीण अत्रे ने बताया कि मोदी के पूरे हुए 9 साल के कार्यकाल में किस प्रकार से देश हित और समाज हित की योजनाएं चलाई गई, आमजन को किस प्रकार से योजनाओं का लाभ हुआ, इसकी जानकारी लेने के लिए देशभर में भाजपा के कार्यकर्ता हर दरवाजे हर जन-जन तक पहुंचेंगे। 30 मई से 30 जून तक भाजपा देश में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। सभी लोकसभाओं में सभी सांसद केंद्र के 9 साल के कार्यकाल को लेकर प्रेस वार्ता करेगें। मुख्यमंत्री चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता करेंगे। केंद्र सरकार के कार्यकाल में धारा 370, तीन तलाक जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए, उसकी बुकलेट हर आमजन तक डोर टू डोर पहुंचकर भाजपा के कार्यकर्ता पहुंचाएंगे। अत्रे ने कहा कि जिस धारा 370 और 35ए के कारण देश में दो संविधान- दो प्रधान थे, जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने जीवन कुर्बान कर दिया, तत्कालीन सरकार ने उनकी मृत्यु की जांच तक नहीं करवाई, भारत का एक हिस्सा जम्मू कश्मीर जिसमें अलग झंडा- अलग संविधान था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सराहनीय फैसला करते हुए धारा 370 और 35ए को खत्म किया। कांग्रेस के कई नेता धारा 370 के हटने पर खून की नदियां बहने की बात करते थे, कहते थे जम्मू कश्मीर में तिरंगा उठाने वाला नहीं मिलेगा। आज जिस प्रकार से जम्मू कश्मीर शांति और तरक्की की ओर बढ़ रहा है। भारत का तिरंगा वहां लहरा रहा है, जिस प्रकार से पिछले 500 सालों से राम मंदिर की चल रही लड़ाई पर ऐतिहासिक फैसला हुआ। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर राम को ही काल्पनिक बता दिया था। कांग्रेसी नेता कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में इस मामले को पेंडिंग डालने की कोशिश की। लेकिन आज भव्य राम मंदिर बन रहा है। जिसे जनवरी में श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। यह देश के लिए हर्ष का विषय है।

                       (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

 

 

Content Editor

Ajay Kumar Sharma