सोनीपत का निर्भया मामला:आरोपियों का DNA मैच, गैंगरेप की पुष्टि

6/20/2017 7:54:32 AM

सोनीपत:सोनीपत के निर्भया मामले में आरोपियों का डी.एन.ए. मैच हो गया है। इसके साथ यह पुष्टि हो गई है कि दोनों दोस्तों ने ही युवती के साथ गैंगरेप किया था। पुलिस का दावा है कि मामले की चालान रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। आज चालान कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में एस.सी.,एस.टी. एक्ट भी जोड़ा था। इसके लिए चालान के साथ देने के लिए युवती का जाति प्रमाण पत्र पुलिस को परिजनों ने सौंप दिया है।

बता दें कि रोहतक स्थित पार्श्वनाथ सिटी में 3 दिन से लापता सोनिपत निवासी युवती का शव 11 मई को बरामद हुआ था जिसकी हत्या की गई थी। वारदात का खुलासा कीर्तिनगर के सुमित को सी.आई.ए. द्वारा तमंचे सहित पकड़े जाने पर हुआ था। उसने कबीरपुर निवासी विकास के साथ मिलकर यह वारदात अंजाम दी थी। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया था। जांच में पाया था कि सुमित व विकास ने युवती से दुष्कर्म किया। सुमित युवती को विकास की कार में रोहतक ले गया था। बाद में चरित्र पर संदेह के चलते उसकी हत्या कर चेहरे को ईंटों से कुचल दिया था। मामला मीडिया में छाने के बाद डी.जी.पी. बी.एस. संधु ने मामले को संवेदनशील मानकर गंभीरता से जांच करने व एक माह में चालान कोर्ट में पेश करने का आश्वासन दिया था।

एस.पी. अश्विन शेणवी का कहना है कि कोर्ट में चालान पेश करने के लिए डी.एन.ए. रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। डी.एन.ए. रिपोर्ट में दोनों आरोपियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हो गई है। चालान पहले से ही तैयार है। अब चालान पेश कर दिया जाएगा। पुलिस इस मामले में दोषियों को जल्द सजा दिलवाने के लिए लगातार प्रयासरत है।