महिला को शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, जांच के बाद दोनों HIV ग्रसित

12/11/2017 5:44:38 PM

सोनीपत: शहर निवासी एक महिला को शादी का झांसा देकर कई वर्ष तक दुष्कर्म करने के आरोपी को आश्रय देने के आरोप में उसके पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी एच.आई.वी. पॉजीटिव था जिसके चलते वह भी एच.आई.वी. ग्रस्त हो गई। पुलिस मुख्याारोपी की तलाश में दबिश दे रही है। 28 जुलाई को एक महिला ने थाना सिविल लाइन पुलिस को बताया था कि कई वर्ष पहले उसके पति की मौत हो गई थी जिसके बाद उसकी पहचान डाकखाना में कार्यरत एक व्यक्ति से हुई थी। उसने उसे शादी का झांसा देकर कई वर्ष तक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने उसकी प्रॉपर्टी भी हड़प ली थी। बाद में आरोपी ने उससे शादी करने से मना कर दिया था। 

इसी बीच बीमार होने पर उसे पता लगा कि वह एच.आई.वी. पॉजीटिव है। उसने पता किया तो जानकारी मिली कि शादी का झांसा देकर उससे सम्बंध बनाने वाला व्यक्ति पहले से ही एच.आई.वी. पॉजीटिव है। उसी से उसको यह बीमारी लगी है। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि बाद में पुलिस ने जांच के बाद महिला को सैक्स वर्कर बताकर फाइल बंद कर दी थी। इस पर महिला ने मामले की शिकायत एस.एस.पी. को दी थी। जांच के बाद पुलिस ने अब मामले में फिर से कार्रवाई तेज कर दी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी बलबीर की टीम ने मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर आरोप है कि वह मुख्य आरोपी को आश्रय दे रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।