मुंबई चार्टर्ड विमान क्रैश: सोनीपत की फ्लाइट इंजीनियर सुरभि की मौत (Video)

6/29/2018 10:45:44 AM

सोनीपत(पवन राठी): गुरुवार को मुंबई के घाटकोपर के सर्वोदय नगर में बड़ा विमान हादसा हुआ। जिसमें प्लेन में मौजूद हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली फ्लाइट इंजीनियर सुरभि की भी मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद उनके पिता ने मीडिया के सामने आकर अपना दर्द बयान किया। विमान यूपी सरकार का बताया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी की बड़ी लापरवाही की वजह से ये घटना घटी है। जब प्लेन खराब था तो उड़ान की परमिशन क्यों दी गई। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और दोषी को सजा दी जाए।  

हादसे का शिकार हुई सुरभि गुप्ता यूपी के बदायूं की रहने वाली थी और साल 2017 में उसकी शादी सोनीपत के रहने वाले ब्रजेश के साथ हुई थी।

उनका परिवार सोनीपत में ही रहता है और वो अपने पति के साथ मुम्बई में रहती थी। उनकी मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में मातम छा गया। सुरभि के परिवार में उनके पिता-मां और दो भाई हैं। एक भाई मर्चेंट नेवी और एक भाई टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत है। यूपी की पहली महिला द्वारा एयरक्राफ्ट कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्य करने के लिए महाराष्ट्र सरकार द्वारा उन्हें बीते दिनों सम्मानित किया गया था। उन्हें प्लेन में कोई भी खराबी होने पर तेजी से सही करने की महारत हासिल थी।

उनके पति बृजेश कुमार पायलट हैं और मौजूदा समय में चेन्नई में तैनात हैं। ऊंचाई से प्यार के चलते उन्होंने एयरक्राफ्ट कंपनी ज्वाइन की थी। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई शिशु मंदिर और इंटरमीडिएट केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज से पूरी की। वह बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही। वहीं उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि वो बेटी से रोजाना घंटो बातें किया करती थी, लेकिन अब उसका फोन कभी नहीं आएगा। दो सप्ताह पूर्व ही सुरभि अपने पूरे परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गईं थी।  

Rakhi Yadav