बदला लिए बिना शांत नहीं होंगी शहीदों की आत्माएं : केजरीवाल

2/18/2019 10:02:15 AM

गोहाना (अरोड़ा): पुलवामा के शहीदों की आत्माएं तब तक शांत नहीं होंगी जब तक पाकिस्तान से ऐसा बदला न लिया जाए कि वह भविष्य में दोबारा कभी ऐसी जुर्रत ही न कर सके। रविवार सायं यह बात आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सी.एम. अरविंद केजरीवाल ने कही। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हम एक हो जाएं, तो हिन्दुस्तान दुनिया का नम्बर वन देश बन सकता है।केजरीवाल नई सब्जीमंडी में राज्यस्तरीय शहीद श्रद्धांजलि सभा को सम्बोधित कर रहे थे। यह सभा पूर्व प्रस्तावित खूंटा पाड़ रैली की जगह हुई। शहीद श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने की।

सभा में दिल्ली कैंट के ‘आप’ विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह तथा ‘आप’ के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद भी पहुंचे। केजरीवाल ने भाषण की शुरूआत पुलवामा शहीदों के लिए 2 मिनट का मौन रखवा कर की। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी हम शहीदों के सपनों का भारत नहीं बना सके हैं। पाकिस्तान में आर-पार लडऩे की हिम्मत नहीं है, इसीलिए वह हमेशा पीठ पीछे से वार करता है। हम भी यदि अपनी पर आ जाएं, एक के बदले में उसके 10 जवान मार सकते हैं, पर पीठ पीछे से वार करना ङ्क्षहदुस्तानियों के खून में नहीं है। 41 जवानों की शहादत पूरे देश पर हमला है और इस बार इस बर्बरतापूर्ण नापाक हरकत के लिए पाकिस्तान को सख्त सबक सिखाना जरूरी है। 

पूरा देश, राजनीतिक दल प्रधानमंत्री के साथ

केजरीवाल ने कहा कि पूरा देश, सब राजनीतिक दल प्रधानमंत्री के साथ हैं। केन्द्र जवाब जरूर दे, पर जो भी जवाब दे, वह जवाब इतना सख्त होना चाहिए कि अगली बार पाकिस्तान 4 बार सोचे। सी.आर.पी.एफ. के जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जानी चाहिए, नहीं तो यह शहीदों और पूरे देश के साथ धोखा होगा।   उन्होंने कहा कि 41 के बदले पाकिस्तान के 410 सैनिक मारना ही सही बदला होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो भी कदम उठाएंगे, उनका पूरा साथ देंगे। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिन्द ने कहा कि एम.पी., एम.एल.ए., डी.सी. और एस.पी. एक महीना पाकिस्तान के बॉर्डर पर तैनात फौजियों के साथ बिताएं। 

Deepak Paul